Skip to main content

प्रधान कर्मचारी अधिकारी

 

नियंत्रक कार्मिक सेवाएँ (सीपीएस)

वाइस एडमिरल सी.आर. प्रवीण नायर, ए.वी.एस.एम., एन.एम.

वाइस एडमिरल सी.आर. प्रवीण नायर, ए.वी.एस.एम., एन.एम., ने 31 जुलाई 2025 को कार्मिक सेवा नियंत्रक (सी.पी.एस.) के रूप में कार्यभार संभाला। कार्यभार संभालने के बाद, फ्लैग ऑफिसर ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

वाइस एडमिरल सी.आर. प्रवीण नायर को 01 जुलाई 1991 को भारतीय नौसेना में कमीशन प्राप्त हुआ था। एक सतह युद्ध अधिकारी, वे संचार और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध में विशेषज्ञ हैं। उन्होंने तीन दशकों से अधिक के अपने विशिष्ट नौसैनिक करियर में कमान, परिचालन और स्टाफ से संबंधित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उनकी विशेषज्ञता से संबंधित कार्यकाल भा.नौ.पो. कृष्णा, भा.नौ.पो. कोरा और भा.नौ.पो. मैसूर पर रहे। उन्होंने पश्चिमी फ्लीट के फ्लीट इलेक्ट्रॉनिक युद्ध अधिकारी और बाद में फ्लीट संचार अधिकारी के रूप में सेवा दी। फ्लीट संचार अधिकारी के रूप में, उन्होंने जुलाई 2006 में इजरायल-लेबनान युद्ध के दौरान बेरूत से भारतीय नागरिकों की गैर-लड़ाकू निकासी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके लिए उन्हें नौसेना स्टाफ प्रमुख की प्रशस्ति से सम्मानित किया गया। वे 2018-2019 में पूर्वी फ्लीट के फ्लीट परिचालन अधिकारी भी रहे।

फ्लैग ऑफिसर ने मिसाइल कॉर्वेट भा.नौ.पो. किर्च, गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर भा.नौ.पो. चेन्नई और विमानवाहक पोत भा.नौ.पो. विक्रमादित्य की कमान संभाली। उनकी तटीय नियुक्तियों में गोवा के नौसेना युद्ध महाविद्यालय में निर्देशक स्टाफ, सिग्नल स्कूल के प्रभारी अधिकारी और नौसेना मुख्यालय में कार्मिक निदेशालय में कमोडोर (कार्मिक) शामिल हैं। वे तीन वर्षों से अधिक समय तक भारतीय नौसेना के प्रमुख विचार मंच, भारतीय नौसेना रणनीतिक और परिचालन परिषद (आई.एन.एस.ओ.सी.) के सदस्य भी रहे।

वे वेलिंगटन के रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज और संयुक्त राज्य अमेरिका के न्यूपोर्ट में नौसेना युद्ध महाविद्यालय के पूर्व छात्र हैं। नौसेना कमान पाठ्यक्रम के दौरान, उन्हें रॉबर्ट ई. बेटमैन अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार, वाइस एडमिरल जेम्स एच. डॉयल सैन्य परिचालन और अंतरराष्ट्रीय कानून पुरस्कार, और अंतरराष्ट्रीय नेतृत्व पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उनके पास मुंबई विश्वविद्यालय से रक्षा और सामरिक अध्ययन में एम.फिल. की डिग्री भी है। उन्हें 26 जनवरी 2000 को कर्तव्यनिष्ठा के लिए नौसेना मेडल और 26 जनवरी 2025 को अति विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया।

फ्लैग रैंक पर पदोन्नति के बाद, उन्हें नौसेना मुख्यालय में नौसेना स्टाफ के सहायक प्रमुख (नीति और योजनाएं) नियुक्त किया गया। उनके कार्यकाल में समुद्री क्षमता परिप्रेक्ष्य योजना (एम.सी.पी.पी. 2022-37) और समुद्री बुनियादी ढांचा परिप्रेक्ष्य योजना (एम.आई.पी.पी. 2022-37) का प्रचार किया गया। फ्लैग ऑफिसर ने 2023-24 में भारतीय नौसेना की तलवार भुजा, पश्चिमी फ्लीट की कमान संभाली, जहां उन्होंने ऑपरेशन संकल्प का नेतृत्व किया। 31 जुलाई 2025 को कार्मिक सेवा नियंत्रक के रूप में कार्यभार संभालने से पहले, वे भारतीय नौसेना अकादमी के कमांडेंट थे।