भा.नौ.पो. सुनयना ने मॉरीशस के पोर्ट लुइस की अपनी यात्रा 22 जून 24 को समाप्त की। इस दो दिवसीय यात्रा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संयुक्त योग सत्र और खेल आयोजनों में भारतीय नौसेना और मॉरीशस राष्ट्रीय तट रक्षक कर्मियों की भागीदारी देखी गई।
जहाज के दौरे के दौरान, भा.नौ.पो. सुनयना के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर प्रभात रंजन मिश्रा ने भारतीय उच्चायुक्त श्रीमती के. नंदिनी सिंगला और एम.पी.एफ. के पुलिस आयुक्त श्री अनिल कुमार दीप से मुलाकात की। इस बातचीत में समुद्री सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर परिचालन जुड़ाव और विश्वास निर्माण उपायों को उजागर किया गया। जहाज ने मॉरीशस तट रक्षक के साथ एक मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच में भाग लिया। पोर्ट लुइस के गयासिंह आश्रम में आयोजित एक आउटरीच कार्यक्रम में बुजुर्गों की चिकित्सा जांच और आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया गया जिससे समुदाय को मदद पहुंचाई गई। जहाज को पर्यटकों के लिए खोला गया जिसमें 200 से अधिक मेहमानों ने जहाज का दौरा किया। पर्यटकों को जहाज की क्षमताओं के साथ एक निर्देशित दौरा प्रदान किया गया।
पोर्ट लुइस से प्रस्थान के बाद, भा.नौ.पो. सुनयना मॉरीशस के संयुक्त ई.ई.जेड. निगरानी के अगले चरण की ओर बढ़ी। प्रशिक्षण आदान-प्रदान के लिए एम.एन.सी.जी. से समुद्री सवारों ने जहाज पर सवार होकर यात्रा की। मॉरीशस की यात्रा से भा.नौ.पो. सुनयना ने दोनों समुद्री राष्ट्रों के बीच मित्रता और अंतर-संचालन की घनिष्ठता की पुनः पुष्टि की।