भारत और श्रीलंका के बीच द्विपक्षीय नौसेना अभ्यास, एस.एल.आई.एन.ई.एक्स. 24 (श्रीलंका-भारत अभ्यास 2024) का आयोजन 17 से 20 दिसंबर 2024 के दौरान विशाखापट्टनम में पूर्वी नौसेना कमान (ई.एन.सी.) के तत्वावधान में दो चरणों में किया गया। बंदरगाह चरण 17 से 18 दिसंबर 2024 तक चला, जबकि समुद्री चरण 19 से 20 दिसंबर 2024 तक आयोजित हुआ। भारतीय पक्ष से पूर्वी फ्लीट के भा.नौ.पो. सुमित्रा और विशेष बलों की टीम ने भाग लिया, जबकि श्रीलंका नौसेना की ओर से विशेष बलों की टीम के साथ एस.एल.एन.एस. सायुरा, एक अपतटीय गश्ती पोत ने भाग लिया। अभ्यास का उद्घाटन समारोह 17 दिसंबर 2024 को हुआ, जिसके बाद बंदरगाह चरण के दौरान प्रतिभागियों ने व्यावसायिक और सामाजिक आदान-प्रदान में भाग लिया। समुद्री चरण, जो 19 दिसंबर 2024 को शुरू हुआ, में दोनों नौसेनाओं के विशेष बलों द्वारा संयुक्त अभ्यास, गन फायरिंग, संचार प्रक्रियाएं, समुद्री कौशल, नेविगेशन अभ्यास और हेलीकॉप्टर संचालन जैसी गतिविधियां शामिल थीं। एस.एल.आई.एन.ई.एक्स. श्रृंखला के द्विपक्षीय अभ्यास 2005 में शुरू किए गए थे और तब से इनका नियमित रूप से आयोजन किया जा रहा है। इस अभ्यास के वर्तमान संस्करण ने दोनों समुद्री पड़ोसियों के बीच संबंधों को और मजबूत किया है और एक सुरक्षित एवं नियम-आधारित समुद्री क्षेत्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह भारत सरकार की “सुरक्षा और क्षेत्र के सभी के लिए विकास” (एस.ए.जी.ए.आर.) की प्रतिबद्धता और दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने का एक अहम कदम है।