भारतीय नौसेना द्वारा नौसैनिक कर्मियों और समुदाय में सुरक्षा संस्कृति विकसित करने की दूरदर्शी पहल के तहत, पूर्वी नौसेना कमान (ई.एन.सी.) के सेवारत कर्मियों और उनके परिवारों के लिए 05 और 06 फरवरी 2025 को सड़क सुरक्षा और सड़क यातायात दुर्घटनाओं की रोकथाम पर दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला का नेतृत्व इंस्टीट्यूट ऑफ रोड ट्रैफिक एजुकेशन (आई.आर.टी.ई.) के अध्यक्ष डॉ. रोहित बलूजा ने किया, जिसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यशाला में सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किए गए, जिनमें जिम्मेदार ड्राइविंग और दुर्घटनाओं की रोकथाम के महत्वपूर्ण पहलुओं को रेखांकित किया गया। सत्रों को अधिक प्रभावी और रोचक बनाने के लिए कार्यशाला में नाटक, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और सड़क दुर्घटनाओं से बचने वाले व्यक्तियों द्वारा अनुभव साझा करने का सत्र शामिल किया गया, जिससे यातायात दुर्घटनाओं के दुष्प्रभावों की वास्तविक समझ विकसित हो सके।
इस पहल को पूर्वी नौसेना कमान (ई.एन.सी.) के लगभग 1300 कर्मियों की जोशपूर्ण भागीदारी प्राप्त हुई, जिससे यह सिद्ध हुआ कि सड़क सुरक्षा शिक्षा, सेवा सदस्यों और उनके परिवारों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
यह कार्यशाला ज्ञान साझा करने के लिए एक प्रभावी मंच साबित हुई और पूर्वी नौसेना कमान द्वारा सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार ड्राइविंग को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ किया। यह आयोजन नौसेना प्रमुख के सुरक्षा और कल्याण के दृष्टिकोण को दर्शाता है, जो न केवल नौसेना समुदाय के भीतर बल्कि संपूर्ण समाज में भी सड़क सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देता है।