Skip to main content

Home Quick Menu

अध्याय का आरंभ: अभ्यास टाइगर ट्रायम्फ - 25

अध्याय का आरंभ: अभ्यास टाइगर ट्रायम्फ - 25
अध्याय का आरंभ: अभ्यास टाइगर ट्रायम्फ - 25

अभ्यास टाइगर ट्रायम्फ का चौथा संस्करण, जो भारत और अमेरिका के बीच त्रि-सेवा मानवीय सहायता और आपदा राहत (एच.ए.डी.आर.) का द्विपक्षीय अभ्यास है, 01 से 13 अप्रैल 2025 तक पूर्वी तट पर आयोजित होने वाला है। इस अभ्यास का उद्देश्य एच.ए.डी.आर. संचालन के लिए अंतरसंचालनीयता विकसित करना और संयुक्त समन्वय केंद्र (सी.सी.सी.) की स्थापना के लिए मानक संचालन प्रक्रियाओं (एस.ओ.पी.) का निर्माण करना है, जो अभ्यासों और संकट/आकस्मिक परिस्थितियों के दौरान भारतीय और अमेरिकी संयुक्त कार्य बल (जे.टी.एफ.) के बीच त्वरित और सुचारु समन्वय को सक्षम बनाएगा। 

भारतीय पक्ष का प्रतिनिधित्व भारतीय नौसेना पोत जलाश्व, घड़ियाल, मुंबई और शक्ति द्वारा किया जाएगा, जिनमें एकीकृत हेलीकॉप्टर और लैंडिंग क्राफ्ट शामिल होंगे, साथ ही लंबी दूरी का समुद्री गश्ती विमान पी.8आई., सेना की टुकड़ियाँ 91 इन्फैंट्री ब्रिगेड और 12 मशीनीकृत इन्फैंट्री बटालियन से, वायु सेना के सी.-130 विमान और एम.आई.-17 हेलीकॉप्टर, साथ ही रैपिड एक्शन मेडिकल टीम (आर.ए.एम.टी.) भी शामिल होंगे। अमेरिकी पक्ष का प्रतिनिधित्व अमेरिकी नौसेना के जहाज़ कॉम्स्टॉक और राल्फ जॉनसन द्वारा किया जाएगा, जिनमें अमेरिकी मरीन डिवीजन की टुकड़ियाँ शामिल होंगी। 

बंदरगाह चरण 01 से 07 अप्रैल 2025 तक विशाखापत्तनम में निर्धारित है, जिसके दौरान 01 अप्रैल 2025 को भा.नौ.पो. जलाश्व पर एक उद्घाटन समारोह होगा, जिसमें संयुक्त ध्वज परेड और मीडिया संवाद शामिल होगा। दोनों पक्षों के प्रतिभागी प्रशिक्षण यात्राओं, विषय विशेषज्ञ आदान-प्रदान, खेल समारोहों और सामाजिक संवादों में भी भाग लेंगे। बंदरगाह चरण के समापन पर, सैनिकों को लेकर जहाज़ समुद्री चरण के लिए रवाना होंगे और काकीनाडा के तट पर समुद्री, उभयचर और एच.ए.डी.आर. संचालन करेंगे। 

अभ्यास के दौरान, भारतीय सेना और अमेरिकी मरीन द्वारा काकीनाडा नौसेना एन्क्लेव में एक संयुक्त कमान और नियंत्रण केंद्र स्थापित किया जाएगा। भारतीय वायु सेना की आर.ए.एम.टी. और अमेरिकी नौसेना की चिकित्सा टीम भी चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए एक संयुक्त चिकित्सा शिविर स्थापित करेंगी। अभ्यास का समापन 13 अप्रैल 2025 को विशाखापत्तनम में अमेरिकी नौसेना के जहाज़ कॉम्स्टॉक पर एक समापन समारोह के साथ होगा।