भारत की क्षेत्रीय सहयोग के प्रति प्रतिबद्धता के अनुरूप, भा.नौ.पो. शारदा 04 से 10 मई 2025 तक नियोजित मानवीय सहायता और आपदा राहत (एच.ए.डी.आर.) अभ्यास के लिए मालदीव के माफिलाफुशी एटोल में पहुंचा। यह तैनाती भारत और मालदीव के बीच मजबूत रक्षा और समुद्री सहयोग का प्रमाण है। यह भारत के “महासागर” (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति) दृष्टिकोण के अनुरूप है, जो हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए सहयोगात्मक प्रयासों पर जोर देता है।
इस एच.ए.डी.आर. अभ्यास का उद्देश्य भारतीय नौसेना और मालदीव राष्ट्रीय रक्षा बल (एम.एन.डी.एफ.) के बीच अंतर-संचालनीयता को बढ़ाना है। यह आपदा प्रतिक्रिया समन्वय, खोज और बचाव अभियान, चिकित्सा सहायता, रसद (लॉजिस्टिक) समर्थन, संयुक्त अभ्यास, प्रशिक्षण सत्र और किसी बड़ी प्राकृतिक आपदा के बाद सामुदायिक सहभागिता जैसे कार्यों पर केंद्रित होगा। ऐसे सहयोगात्मक प्रयासों के माध्यम से, भारत और मालदीव अपनी साझेदारी को और मजबूत करते हैं और प्राकृतिक आपदाओं और अन्य मानवीय चुनौतियों का प्रभावी ढंग से जवाब देने के लिए तत्परता सुनिश्चित करते हैं।