भा.नौ.पो. तेग, जो दक्षिण पश्चिम हिंद महासागर क्षेत्र में परिचालनात्मक तैनाती पर है, 19-22 जून 2025 तक मॉरीशस के पोर्ट लुइस का दौरा कर रहा है। यह पोत मॉरीशस राष्ट्रीय तट रक्षक (एन.सी.जी.) के जहाजों और विमानों के साथ मिलकर मॉरीशस के विशेष आर्थिक क्षेत्र (ई.ई.जेड.) की संयुक्त निगरानी करेगा, जिससे भारत वैश्विक साझा संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अवैध, असूचित और अनियमित (आई.यू.यू.) मछली पकड़ने के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता को पुनः पुष्ट करता है। यह भारतीय नौसेना की क्षेत्र में सहकारी समुद्री सुरक्षा के प्रति साझा प्रतिबद्धता को भी सुदृढ़ करता है। पोत 21 जून 2025 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 का आयोजन भी करेगा, जिसमें भारतीय नौसेना, एन.सी.जी. और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों के साथ एक संयुक्त योग सत्र आयोजित किया जाएगा।
भा.नौ.पो. तेग, भारतीय नौसेना के पश्चिमी बेड़े का एक स्टील्थ फ्रिगेट, 27 अप्रैल 2012 को नियुक्त किया गया था। पोर्ट लुइस में अपने प्रवास के दौरान, पोत विभिन्न पेशेवर और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेगा, जिसमें एन.सी.जी. कर्मियों का बंदरगाह प्रशिक्षण, सामुदायिक सेवा और खेल गतिविधियां शामिल हैं। 19 जून को पोर्ट लुइस पहुंचने पर, पोत के कमांडिंग ऑफिसर ने एन.सी.जी. के प्रमुख, पुलिस आयुक्त और कैबिनेट सचिव से मुलाकात की, जिससे भारत-मॉरीशस समुद्री सहयोग को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को पुनः पुष्ट किया गया।मॉरीशस एन.सी.जी. कर्मियों को भा.नौ.पो. तेग पर अग्निशमन, क्षति नियंत्रण और बुनियादी नौवहन जैसे विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण देने की योजना है, साथ ही भा.नौ.पो. तेग के चालक दल को एन.सी.जी. की सुविधाओं से परिचित कराया जाएगा। एन.सी.जी. कर्मियों के साथ मैत्रीपूर्ण खेल प्रतियोगिताएं और पोत के चालक दल के लिए मनोरंजक गतिविधियां भी नियोजित हैं। इस दौरे का उद्देश्य समुद्री सुरक्षा सहयोग और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना है।