नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने 23 सितंबर 2025 को कोलंबो में श्रीलंका की प्रधानमंत्री डॉ. हरीनी अमरसूर्या से मुलाकात की।
इस मुलाकात में भारत और श्रीलंका के बीच समुद्री क्षेत्र में चिरस्थायी साझेदारी पर व्यापक चर्चा हुई। इसमें परिचालन गतिविधियों, क्षमता निर्माण और अंतरराष्ट्रीय फ्लीट रिव्यू (आई.एफ.आर.), मिलन व एडमिरल्स कप रेगाटा जैसे मंचों में भागीदारी के माध्यम से द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। प्रधानमंत्री ने समुद्री राष्ट्रों के लिए महासागर के रणनीतिक महत्व और इसकी सुरक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान, अवैध मछली पकड़ने, समुद्री प्रदूषण और समुद्री आतंकवाद जैसी चुनौतियों में गहरे सहयोग की संभावनाओं को रेखांकित किया। खोज व बचाव मिशनों और सूचना साझा करने में निकट समन्वय तथा श्रीलंका नौसेना और भारतीय नौसेना के बीच प्रशिक्षण संबंधों को मजबूत करने की जरूरत पर भी बल दिया गया। यह मुलाकात पारस्परिक विश्वास व सहयोग से हिंद महासागर क्षेत्र (आई.ओ.आर.) में शांति, स्थिरता और सतत विकास को बढ़ावा देने के साझा दृष्टिकोण को दर्शाती है।