रियर एडमिरल अलोक आनंद ने 17 अक्टूबर 2025 को रियर एडमिरल सुशील मेनन से भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े की कमान संभाली। नेविगेशन एवं दिशा के विशेषज्ञ इस फ्लैग ऑफिसर को जुलाई 1993 में भारतीय नौसेना में नियुक्त किया गया था। वे गोवा की भारतीय नौसेना अकादमी, वेलिंगटन के रक्षा सेवा स्टाफ महाविद्यालय तथा थाईलैंड के राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के पूर्व छात्र हैं।
फ्लैग ऑफिसर के व्यापक परिचालन अनुभव में लैंडिंग शिप भा.नौ.पो. घोरपड़ तथा अग्रिम पंक्ति के फ्रिगेट भा.नौ.पो. सतपुरा की कमान शामिल है। उन्होंने नौसेना मुख्यालय में सहायक नौसेना स्टाफ प्रमुख (नीति एवं योजनाएं) ए.सी.एन.एस.(पी.एंड.पी.) तथा कमोडोर (नौसेना संचालन) जैसे प्रमुख स्टाफ पद भी संभाले हैं। रियर एडमिरल आनंद को यमन में ऑपरेशन राहत के सफल संचालन तथा उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए प्रतिष्ठित युद्ध सेवा पदक (वाई.एस.एम.) से सम्मानित किया गया था।