भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े का अपतटीय गश्ती पोत (ओ.पी.वी.) भा.नौ.पो. सवित्री, दक्षिण पश्चिम हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी दीर्घ-दूरी परिचालन तैनाती के तहत मॉरीशस के पोर्ट लुई पहुंचा। जहाज का हार्दिक और सौहार्दपूर्ण स्वागत मॉरीशस की राष्ट्रीय तटरक्षक द्वारा किया गया। भा.नौ.पो. सवित्री मॉरीशस राष्ट्रीय तटरक्षक (एन.सी.जी.) के पोतों और विमानों के साथ संयुक्त रूप से विशेष आर्थिक क्षेत्र (ई.ई.जेड.) में महत्वपूर्ण निगरानी गतिविधियाँ संचालित करेगा। इस संयुक्त निगरानी का उद्देश्य मॉरीशस के समुद्री क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, साथ ही भारतीय नौसेना और मॉरीशस तटरक्षक के बीच परस्पर कार्यक्षमता और समन्वय को और सुदृढ़ करना भी है।
पोर्ट कॉल के दौरान, जहाज का दल एन.सी.जी. कर्मियों के लिए समर्पित प्रशिक्षण सत्रों सहित विविध व्यावसायिक गतिविधियों में भाग लेगा, जिनका उद्देश्य संयुक्त अभियानों की मानक संचालन प्रक्रियाओं (एस.ओ.पी.) को और परिष्कृत करना है। दोनों नौसेनाओं के कर्मी मैत्रीपूर्ण खेल मुकाबलों के माध्यम से आपसी सौहार्द को मजबूत करेंगे। इसके अतिरिक्त, जहाज को स्थानीय समुदाय के भ्रमण के लिए खुला रखा जाएगा, जिससे संबंधों में और प्रगाढ़ता आएगी तथा जनता में समुद्री रक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। यह यात्रा भारत और मॉरीशस के बीच सुदृढ़ रक्षा सहयोग की पुनः पुष्टि करती है — एक ऐसी साझेदारी जो पारस्परिक विश्वास, साझा मूल्यों और समान समुद्री हितों पर आधारित है।