Skip to main content

Home Quick Menu

भारतीय नौसेना प्रमुख की संयुक्त राज्य अमेरिका यात्रा

 भारतीय नौसेना प्रमुख की संयुक्त राज्य अमेरिका यात्रा
 भारतीय नौसेना प्रमुख की संयुक्त राज्य अमेरिका यात्रा

एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी, नौसेना प्रमुख, 12 से 17 नवम्बर 2025 तक संयुक्त राज्य अमेरिका के आधिकारिक दौरे पर हैं। यह यात्रा भारतीय नौसेना और अमेरिकी नौसेना के बीच मजबूत और स्थायी समुद्री साझेदारी को और प्रगाढ़ करने के उद्देश्य से की जा रही है, जो भारत–अमेरिका रक्षा साझेदारी का एक प्रमुख स्तंभ है।

दौरे के दौरान नौसेना प्रमुख अमेरिकी रक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा करेंगे। वे एडमिरल सैमुअल जे. पापारो, यूनाइटेड स्टेट्स इंडो-पैसिफिक कमांड (USINDOPACOM) के कमांडर, और एडमिरल स्टीफन टी. कोहलर, यूनाइटेड स्टेट्स पैसिफिक फ्लीट (USPACFLT) के कमांडर, सहित अन्य वरिष्ठ नौसैनिक अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों से भी मुलाकात करेंगे। ये बैठकें वर्तमान समुद्री सहयोग की समीक्षा करने, संचालन स्तर पर जुड़ाव बढ़ाने तथा दोनों नौसेनाओं के बीच सूचना साझाकरण और समुद्री क्षेत्रीय जागरूकता के तंत्र को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करेंगी। इस दौरे में अमेरिकी नौसेना के प्रमुख संस्थानों और परिचालन कमांडों के साथ संवाद भी शामिल होगा। चर्चाएँ इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में साझा समुद्री प्राथमिकताओं, मिलन जैसे बहुपक्षीय ढाँचों और संयुक्त समुद्री बल (CMF) जैसी पहलों में सहयोग पर केंद्रित रहेंगी।

भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच समुद्री साझेदारी परस्पर विश्वास और साझा मूल्यों पर आधारित है। नौसेना प्रमुख की यह यात्रा भारतीय नौसेना की इस प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है कि वह एक स्वतंत्र, खुला, समावेशी और नियम-आधारित इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की दिशा में अमेरिकी नौसेना के साथ सहयोग को और सुदृढ़ करेगी।