रॉयल मोरक्कन नेवी के इंस्पेक्टर रियर एडमिरल मोहम्मद तहिन 24 से 27 नवंबर 2025 तक भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं। इस दौरे का उद्देश्य समुद्री सहयोग को मजबूत करना और द्विपक्षीय नौसैनिक संबंधों को और सुदृढ़ बनाना है। यह दौरा दोनों देशों के बीच बढ़ती समुद्री साझेदारी को दर्शाता है और समुद्री क्षेत्र में साझा हितों को प्रतिबिंबित करता है।
रियर एडमिरल मोहम्मद तहिन ने नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी के साथ द्विपक्षीय बैठक की, जिसमें नौसैनिक सहयोग बढ़ाने, संरचित प्रशिक्षण आदान-प्रदान और समुद्री क्षेत्र जागरूकता में सहभागिता पर चर्चा हुई। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। अपने दौरे के दौरान उन्होंने प्रमुख समुद्री संस्थानों जैसे सूचना संलयन केंद्र – हिंद महासागर क्षेत्र (आई.एफ.सी.–आई.ओ.आर.), वेपन एंड इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम्स एंड इंजीनियरिंग एस्टैब्लिशमेंट (डब्ल्यू.ई.एस.ई.ई.) और कोच्चि स्थित दक्षिणी नौसेना कमान के प्रशिक्षण प्रतिष्ठानों में भी भागीदारी की।
यह दौरा भारत-मोरक्को नौसैनिक संबंधों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जिसका उद्देश्य सहयोग को और गहरा करना और साझा समुद्री हितों को प्रोत्साहित करना है।