भारतीय नौसेना के तीन लैंडिंग क्राफ्ट यूटिलिटी पोत – एल.सी.यू. 51, एल.सी.यू. 54 और एल.सी.यू. 57 ने 22 से 25 नवंबर 2025 तक श्रीलंका के कोलंबो पोर्ट का दौरा किया। आगमन पर श्रीलंका नौसेना (एस.एल.एन.) ने इन पोतों का औपचारिक स्वागत किया।
ऑपरेशनल टर्नअराउंड (ओ.टी.आर.) के दौरान तीनों एल.सी.यू. के कमांडिंग अधिकारियों ने श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त और श्रीलंका नौसेना के कमांडर वेस्टर्न नेवल एरिया (सी.डब्ल्यू.एन.ए.) से भेंट की। इस अवसर पर परिचालन अंतर-कार्यक्षमता, चल रही समुद्री पहलों और दोनों नौसेनाओं के बीच भविष्य के सहयोग के अवसरों पर विचार-विमर्श हुआ। दौरे के दौरान भारतीय नौसेना और श्रीलंका नौसेना के कर्मियों के बीच एक मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच आयोजित किया गया, जिसने सौहार्द, खेल भावना और आपसी सद्भाव को सुदृढ़ किया। साथ ही एस.एल.एन. अधिकारियों और नाविकों के लिए एक संरचित पोत भ्रमण कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें उन्होंने चालक दल से संवाद किया और एल.सी.यू. की परिचालन क्षमताओं की जानकारी प्राप्त की।
अंडमान और निकोबार कमान से आए इन एल.सी.यू. पोतों का यह पोर्ट कॉल द्विपक्षीय नौसैनिक सहयोग को और मजबूत करता है तथा भारतीय नौसेना और श्रीलंका नौसेना के बीच आपसी मित्रता, सम्मान और सहयोग की दीर्घकालीन परंपरा को और सुदृढ़ बनाता है।