भारत का पहला स्वदेशी विमानवाहक पोत भा.नौ.पो. विक्रांत और स्वदेशी निर्मित फ्रिगेट भा.नौ.पो. उदयगिरि 27 से 29 नवंबर 2025 तक श्रीलंका नौसेना द्वारा कोलंबो में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बेड़ा समीक्षा (आई.एफ.आर.) 2025 में भारतीय नौसेना का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यह कार्यक्रम श्रीलंका नौसेना की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कई देशों के नौसैनिक पोत, प्रतिनिधिमंडल और पर्यवेक्षक भाग ले रहे हैं।
यह दोनों पोतों की पहली विदेशी तैनाती है, जो क्षेत्रीय समुद्री सहयोग को सुदृढ़ करने की भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। राष्ट्र के गौरव, स्वदेशी निर्मित भा.नौ.पो. विक्रांत की आई.एफ.आर. में पहली भागीदारी हिंद महासागर क्षेत्र में साझेदार नौसेनाओं के साथ भारत की सक्रिय भागीदारी का प्रतीक है और सहयोग तथा पारस्परिक संचालन क्षमता के माध्यम से शांति, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने पर भारत के दृष्टिकोण को रेखांकित करती है। हाल ही में सेवा में शामिल हुए भा.नौ.पो. उदयगिरि की भागीदारी भारत की स्वदेशी जहाज निर्माण क्षमताओं में निरंतर प्रगति और आई.ओ.आर. क्षेत्र में भारत की संतुलित एवं सशक्त नौसैनिक उपस्थिति को और मजबूत बनाती है।
कोलंबो प्रवास के दौरान दोनों पोत औपचारिक बेड़ा समीक्षा, शहर परेड, सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रमों और नौसैनिक पेशेवर संवादों जैसे प्रमुख आई.एफ.आर. आयोजनों में भाग लेंगे। सार्वजनिक सहभागिता गतिविधियों के अंतर्गत, आई.एफ.आर. 2025 के दौरान ये पोत आगंतुकों के लिए खुले रहेंगे।