भारतीय नौसेना 03 दिसंबर 2025 को तिरुवनंतपुरम के शंगुमुग्हम बीच पर एक भव्य परिचालन प्रदर्शन (ऑप डेमो 2025) के साथ नौसेना दिवस 2025 मनाएगी। भारत की माननीय राष्ट्रपति एवं सशस्त्र सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर श्रीमती द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में इस अवसर पर उपस्थित रहेंगी। समारोह की मेजबानी नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी करेंगे। इस कार्यक्रम में माननीय राज्यपाल और केरल के मुख्यमंत्री, केंद्र एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, सैन्य गणमान्यजन और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहेंगे।
यह आयोजन नौसेना दिवस समारोहों को प्रमुख नौसैनिक ठिकानों से आगे लेकर जाने की नौसेना की पहल का हिस्सा है। ओडिशा के पुरी और महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में सफल आयोजनों के बाद, यह संस्करण केरल में आयोजित किया जा रहा है। ऑप डेमो 2025 के दौरान युद्धपोतों, नौसेना विमानों और पनडुब्बियों द्वारा भारतीय नौसेना की परिचालन क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया जाएगा। हॉक विमानों और लड़ाकू जेटों की उच्च गति उड़ान, कॉम्बैट फ्री फॉल, स्लिदरिंग प्रदर्शन तथा युद्धपोतों की फायरिंग इस कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण होंगे। 03 दिसंबर की शाम बीच पर आयोजित शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम दक्षिणी नौसेना कमान के बैंड द्वारा पारंपरिक ‘बीटिंग रिट्रीट’ समारोह के साथ संपन्न होगा।
सी कैडेट कोर द्वारा प्रस्तुत मनमोहक कंटिन्यूटी ड्रिल, हॉर्नपाइप नृत्य और फायरवर्क्स शो इस आयोजन को अविस्मरणीय बनाएंगे। यह ऊर्जावान आयोजन न केवल नौसेना की परिचालन क्षमताओं को प्रदर्शित करेगा, बल्कि केरल राज्य और भारतीय नौसेना के ऐतिहासिक समुद्री संबंधों को भी उजागर करेगा। ऑप डेमो भारतीय नौसेना की अदम्य भावना और मूल शक्ति को ‘कॉम्बैट रेडी, कोहीसिव, आत्मनिर्भर’ बल के रूप में प्रदर्शित करेगा, जो विकसित और समृद्ध भारत के लिए समुद्रों की रक्षा करने के संकल्प को प्रतिबिंबित करता है। अत्याधुनिक स्वदेशी प्लेटफार्मों की समुद्री उत्कृष्टता आत्मनिर्भर भारत की भावना का प्रतीक बनेगी। प्रदर्शन में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान प्रदर्शित उच्च परिचालन तत्परता और निरोधक मुद्रा को भी दर्शाया जाएगा।
एस.ए.जी.ए.आर. की राष्ट्रीय समुद्री दृष्टि के केंद्र में रहते हुए, भारतीय नौसेना हिंद महासागर क्षेत्र में एक पसंदीदा सुरक्षा साझेदार के रूप में कार्य कर रही है और समुद्री लेनों, साझा संसाधनों तथा महत्वपूर्ण व्यापारिक मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है। शंगुमुग्हम बीच पर आयोजित ऑप डेमो 2025 का सीधा प्रसारण भारतीय नौसेना के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर होगा तथा दूरदर्शन चैनलों पर भी इसका लाइव प्रसारण किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियाँ और रिहर्सल जोरों पर जारी हैं।