रियर एडमिरल विकास चावला ने 03 दिसंबर 2025 को फ्लैग रैंक पर पदोन्नति प्राप्त करने के बाद नई दिल्ली स्थित नौसेना मुख्यालय में मटेरियल के सहायक प्रमुख (डॉकयार्ड एवं रिफिट) का पदभार संभाला।
भारतीय नौसेना में 01 जुलाई 1994 को कमीशन प्राप्त करने वाले अधिकारी राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खडकवासला; नेवल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, लोनावला; तथा प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय, नई दिल्ली के पूर्व छात्र रहे हैं। अपने करियर के दौरान उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्व निभाए हैं, जिनमें भा.नौ.पो. रणवीर, भा.नौ.पो. मुंबई और भा.नौ.पो. तबर पर समुद्री नियुक्तियाँ शामिल हैं। वे मुंबई एवं विशाखापत्तनम स्थित दोनों नौसैनिक डॉकयार्ड में लंबा अनुभव रखते हैं।
इसके अतिरिक्त, वे भारतीय नौसेना अकादमी में ट्रेनिंग कैप्टन तथा इंजीनियरिंग फ़ैकल्टी के प्रमुख के रूप में भी सेवाएँ प्रदान कर चुके हैं। नौसेना मुख्यालय में उन्होंने जहाज निर्माण, नौसैनिक प्रशिक्षण तथा स्वदेशीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण स्टाफ दायित्व भी संभाले हैं।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें नौसेना पदक से सम्मानित किया गया है।