ब्राज़ील की आधिकारिक यात्रा के समापन से पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी (सी.एन.एस.) ने 12 दिसंबर 2025 को ब्राज़ीलियाई नौसेना के बहुउद्देश्यीय उभयचर हेलीकॉप्टर पोत एन.ए.एम. अटलांटिको (ए140) का दौरा किया। सी.एन.एस. का स्वागत ब्राज़ीलियाई नौसेना के कमांडर ऑफ नेवल ऑपरेशंस एडमिरल क्लाउडियो हेनरिक मेलो दे आल्मेइदा ने किया, जिन्होंने पोत के कमांडिंग ऑफिसर के साथ उन्हें पोत का विस्तृत दौरा कराया।
बैठक के दौरान अटलांटिक महासागर में रणनीतिक सुरक्षा वातावरण और समुद्री क्षेत्र में भविष्य के युद्ध के स्वरूप पर विचार-विमर्श हुआ। चर्चाएं गैर-राज्यीय तत्वों द्वारा असंवैधानिक एवं अंतरराष्ट्रीय अपराधों में उपयोग की जा रही प्रौद्योगिकियों, ब्राज़ीलियाई नौसेना बेड़े की परिचालन क्षमताओं और उभयचर भूमिकाओं, तथा भारतीय नौसेना और मारीन्हा दो ब्राज़ील के बीच पारस्परिक संचालन क्षमता को और मजबूत करने के उपायों पर केंद्रित रहीं।
सी.एन.एस. ने रियो डी जेनेरियो स्थित ब्राज़ीलियाई नौसेना अकादमी में डॉम पेद्रो प्रथम कोर्स के 140 मिडशिपमैन की पासिंग आउट परेड में भी भाग लिया।दोनों कार्यक्रम भारत और ब्राज़ील के बीच गहरे होते समुद्री सहयोग, साझी सुरक्षा उद्देश्यों, प्रशिक्षण गतिविधियों और रक्षा सहयोग की दिशा में पारस्परिक प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हैं।