भारतीय नौसेना के प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन (1टी.एस.), जहाजों भा.नौ.पो. तीर और आई.सी.जी.एस. सारथी ने लंबी दूरी की प्रशिक्षण तैनाती के हिस्से के रूप में 20 से 23 मार्च 2023 तक एंटसिरानाना बंदरगाह, मेडागास्कर का दौरा किया। इन पोतों का मालागासी नौसेना के अधिकारियों और मेडागास्कर में भारतीय दूतावास के प्रतिनिधियों ने स्वागत किया।
मेडागास्कर में भारत के राजदूत श्री. बंडारू विलसोनबाबू ने आगमन पर जहाजों का दौरा किया। स्क्वाड्रन के वरिष्ठ अधिकारियों ने क्षेत्र के गवर्नर श्री. राकोतोमंगा टैसियानो और एंटसिरानाना में नौसेना बेस के कमांडेंट कैप्टन राओरासाता दिबिहरिवोनी गिस्लेन से मुलाकात की।
भा.नौ.पो. तीर में एक समारोह आयोजित किया गया जिसमें भारतीय राजदूत, क्षेत्र के गवर्नर और वरिष्ठ मालागासी अधिकारियों, नागरिक गणमान्य व्यक्तियों और राजनयिकों सहित 100 से अधिक अन्य मेहमानों ने भाग लिया। जहाजों को 21 और 22 मार्च 2023 को आगंतुकों के लिए भी खोला गया और लगभग 2000 आगंतुक इसमें आए।
एंटसिरानाना में प्रवास के दौरान, जहाजों ने मेडागास्कर नौसेना के साथ विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों को किया, जिसमें एन.बी.सी.डी., अग्निशमन, हथियार हैंडलिंग और विजिट बोर्ड सर्च एंड सीज़र (वी.बी.एस.एस.) शामिल थे। भारतीय और मालागासी नौसेना के कर्मियों के लिए एक योग सत्र और मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल और बास्केटबॉल मैचों को भी आयोजित किया गया। 1 टी.एस. जहाजों की एंटसिरानाना की यात्रा ने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग को और बढ़ाया है।