28 मार्च 2023 को भा.नौ.पो. अग्निवीर के पहले बैच की पासिंग आउट परेड (पी.ओ.पी.) निर्धारित है। पी.ओ.पी. में चिल्का में प्रशिक्षण ले रहे लगभग 2600 अग्निवीरों के प्रशिक्षण का सफल समापन हुआ, जिसमें 273 महिला अग्निवीर भी शामिल हैं। नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार पासिंग आउट परेड के मुख्य अतिथि और समीक्षा अधिकारी होंगे। इस अवसर पर वाइस एडमिरल एम.ए. हम्पीहोली फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ दक्षिणी नौसेना कमान और अन्य वरिष्ठ नौसेना अधिकारी तथा गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहेंगे। सफल प्रशिक्षुओं को उनके समुद्री प्रशिक्षण के लिए अग्रिम पंक्ति के युद्धपोतों पर तैनात किया जाएगा।
भारतीय नौसेना के अग्निवीर, परिचय
14 जून 2022 को, माननीय रक्षा मंत्री और तीनों सेवा प्रमुखों ने अग्निपथ योजना शुरू की। अखिल भारतीय मेरिट आधारित अग्निपथ भर्ती योजना की भारत सरकार की पहल के अनुरूप, भारतीय नौसेना ने एक समकालीन, गतिशील, युवा और तकनीकी रूप से सुसज्जित भविष्य के लिए तैयार रहने की नींव रखने के लिए अपने चयन, प्रशिक्षण और तैनाती पद्धति को उन्मुख किया है। नौसेना ने इस अवसर का लाभ महिला अग्निवीर को प्रवेश देने के लिए उठाया; फलस्वरूप, भारतीय नौसेना में 273 महिला अग्निवीर सहित लगभग 2600 अग्निवीर शामिल किए गए और उनका प्रशिक्षण नवंबर 2022 में भा.नौ.पो. चिल्का में शुरू किया।
उनके सी. वॉरियर्स में परिवर्तन के हिस्से के रूप में, भारतीय नौसेना के प्रमुख नाविक प्रशिक्षण प्रतिष्ठान भा.नौ.पो. चिल्का में अग्निवीरों को 16 सप्ताह का प्रारंभिक प्रशिक्षण दिया गया। भा.नौ.पो. चिल्का के प्रशिक्षण में कर्तव्य, सम्मान और साहस के मूल नौसेना मूल्यों के आधार पर अकादमिक, सेवा और आउटडोर प्रशिक्षण शामिल थे।
अग्निवीर के पहले बैच में वे महिलाएं और जवान भी शामिल हैं, जो इस साल 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर भारतीय नौसेना के आर.डी. परेड दल का हिस्सा थे।
28 मार्च 2023 को हुई पी.ओ.पी. की प्रमुख विशेषताएं
पासिंग आउट परेड प्रशिक्षुओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर और उनके परिवारों के लिए गर्व का क्षण है। प्रारंभिक प्रशिक्षण के सफल समापन के बाद यह देश के किसी भी प्रशिक्षण संस्थान से अग्निवीर की पहली पासिंग आउट है, जो सशस्त्र बलों और राष्ट्र के लिए एक नई शुरुआत में महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। परंपरागत रूप से पी.ओ.पी. का आयोजन सुबह के समय किया जाता है, हालांकि, भारतीय सशस्त्र बलों में अपनी तरह की पहली यह ऐतिहासिक पी.ओ.पी. सूर्यास्त के बाद आयोजित की जाएगी।
पी.ओ.पी. के दौरान योग्य अग्निवीरों को मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस वर्ष से, पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत के परिवर्तनकारी अग्निपथ योजना पर योगदान को स्वीकार करते हुए; भारतीय नौसेना ने 'योग्यता के समग्र क्रम में प्रथम रहने वाली महिला अग्निवीर प्रशिक्षु' के लिए जनरल बिपिन रावत रोलिंग ट्रॉफी की शुरूआत की है। यह ट्रॉफी स्वर्गीय जनरल रावत की बेटियों द्वारा योग्य महिला अग्निवीर को प्रदान की जाएगी।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को मनाने और अग्निवीर को प्रेरित करने के लिए, पहली बार पासिंग आउट परेड में प्रख्यात दिग्गज नाविकों द्वारा भाग लिया जा रहा है, जिन्होंने अपनी सेवा में और साथ ही सेवानिवृत्ति के बाद के करियर में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और प्रख्यात महिला खिलाडियों को पी.ओ.पी. में विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
सुश्री पीटी उषा, संसद सदस्य (राज्य सभा), जिन्हें ‘भारतीय ट्रैक और फील्ड की रानी’ और पेयोली एक्सप्रेस के रूप में जाना जाता है, पद्म श्री. पुरस्कार की गर्वित प्राप्तकर्ता और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष है। सुश्री मिताली राज भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान और अब तक की सबसे महान महिला क्रिकेटरों में से एक हैं। उन्हें पद्मश्री, अर्जुन पुरस्कार और मेजर ध्यान चंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। पीटी उषा और मिताली राज दोनों ने इस अवसर की शोभा बढ़ाने के लिए अपनी उपस्थिति की सहमति दी है।
पासिंग आउट अग्निवीर को प्रेरित करने के लिए उपस्थित होने वाले प्रतिष्ठित दिग्गजों में चिमान सिंह, पूर्व पी.ओ. सी.डी.आई., एम.वी.सी., 1971 के भारत-पाक युद्ध के एक युद्ध नायक शामिल हैं जिन्हें महावीर चक्र से सम्मानित किया गया था। गजानन जगन्नाथ माने, जिन्होंने 1971 के भारत-पाक युद्ध में भाग लिया था और सेवानिवृत्ति के बाद उनके विशाल सामाजिक योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। पंजाब में ‘चीमा बॉयलर्स लिमिटेड’ 500 करोड़ रुपये के उद्योग की स्थापना करके देश के लिए बड़ा योगदान देने वाले पूर्व पी.ओ.एम.ई. हरजिंदर सिंह चीमा। शंकर सिंह सिसोदिया, पूर्व पी.ओ.सी.डी.आई. जिन्होंने गरीब रोगियों का मुफ्त इलाज करने वाले 'श्री. प्रेम सिंह बडगूजर चैरिटेबल ट्रस्ट' की स्थापना की और प्राकृतिक पत्थरों की खोज, खनन और प्रसंस्करण में शामिल फर्म 'महादेव मार्मो प्राइवेट लिमिटेड' की स्थापना की। दर्शन सिंह आहलूवालिया, पूर्व-सी.एच. ई. एल. ए., जो प्रतिष्ठित स्कूलों के प्रशासक के रूप में कार्य कर रहे हैं और 2016 में 'इंडस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस' से 'बेस्ट एडमिनिस्ट्रेटर' के रूप में मान्यता प्राप्त थे। अवतार सिंह, पूर्व-एम.सी.ई.एल.आर. II, जो एक अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी रहे हैं, भारतीय महिला टीम (जूनियर) के प्रेरणादायक कोच और सी.एन.एस. सम्मान के प्राप्तकर्ता हैं। हरिशंकर यादव, पूर्व पी.ओ.ई.एल. (पी.), जो 24 घंटे में सबसे अधिक स्टेप-अप के लिए 'गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड', 2005 में साइकिल पर 4,249 किमी की दूरी तय करने के लिए 'लिम्का नेशनल रिकॉर्ड' और 2007 में कश्मीर से कन्याकुमारी तक तीन बार साइकिल से जाने के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक हैं। मनोज कुमार शर्मा, पूर्व-पी.ओ.ई.एल. (आर.), जो 15 करोड़ से अधिक का कारोबार करने वाली एक डाइवर्सफाइड कंपनी की स्थापना के लिए मान्यता प्राप्त है जो प्रतिष्ठित बिल्डरों और निर्माण कंपनियों जैसे टाटा, एल.एंड.टी. आदि को निर्माण सामग्री की आपूर्ति करती है।
ये दिग्गज नाविक अपने शानदार सेवा काल और सेवानिवृत्ति के बाद राष्ट्र के लिए अपने योगदान के साथ, अग्निवीरों के लिए प्रेरणादायक मॉडल के रूप में कार्य करेंगे।
भा.नौ.पो. चिल्का का परिचय
भा.नौ.पो. चिल्का भारतीय नौसेना का प्रमुख प्रशिक्षण प्रतिष्ठान है जो प्रवेश पर नौसैनिकों को प्रारंभिक प्रशिक्षण देता है। 1980 में शुरू किया गया संस्थान शारीरिक प्रशिक्षण, तैराकी, छोटे हथियार, साइबर सुरक्षा, नौसेना ओरिएंटेशन आदि जैसे सेवा प्रशिक्षण के विभिन्न पहलुओं का संचालन करता है। पाठ्यक्रम को समुद्र में कैरियर के लिए आवश्यक मानसिक और शारीरिक संकायों को विकसित करने के लिए तैयार किया गया है।
यह ऐतिहासिक पी.ओ.पी. अग्निवीर के पहले बैच के 16 सप्ताह के प्रशिक्षण की परिणति होगी। प्रतिष्ठित दिग्गज नाविकों, अंतरराष्ट्रीय ख्याति की महिला खिलाडियों और वरिष्ठ नौसेना अधिकारियों की उपस्थिति में पहली रात्रि पी.ओ.पी. का संचालन अग्निवीर के पहले बैच के लिए एक ऐतिहासिक क्षण होगा। पासिंग आउट परेड की लाइव स्ट्रीमिंग 28 मार्च 2023 को 1730 बजे से भारतीय नौसेना के यूट्यूब चैनल और इंस्टाग्राम पेज के साथ-साथ दूरदर्शन नेटवर्क पर होगी।