Skip to main content

अल्जीयर्स में भा.नौ.पो. सुमेधा का बंदरगाह दौरा

वर्तमान में भूमध्य सागर में तैनात भा.नौ.पो. सुमेधा ने 26 मार्च 2023 को अल्जीरिया के अल्जीयर्स में एक ऑपरेशनल टर्न अराउंड के लिए प्रवेश किया। पोर्ट अल्जीयर्स में अल्जीरियाई नौसेना के अधिकारियों और भारतीय दूतावास, अल्जीयर्स के अधिकारियों द्वारा जहाज का स्वागत किया गया।

इस यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना और दोनों नौसेनाओं के बीच समुद्री सहयोग और पारस्परिकता को बढ़ाना है। यह मित्र समुद्री राष्ट्रों में भारतीय नौसेना की पहुंच को भी प्रदर्शित करता है।

इस यात्रा के दौरान दोनों नौसेनाएं क्रॉस डेक यात्राओं, पेशेवर बातचीत, खेल प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक यात्राओं के माध्यम से सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों और अनुभवों को साझा करेंगी।

स्वदेश निर्मित, भा.नौ.पो. सुमेधा गोवा शिपयार्ड लिमिटेड में निर्मित एक स्टील्थ अपतटीय गश्ती पोत है और यह अत्याधुनिक हथियार और सेंसर पैकेज से सुसज्जित है। वह नियमित रूप से समुद्री डकैती रोधी गश्त, एस.ए.आर., एच.ए.डी.आर., निगरानी और एस्कॉर्ट मिशन जैसे बेड़े के सहायक कार्यों के लिए तैनात है। वह जहाज़ पर एक उन्नत लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर ऑनबोर्ड ले जा सकती है।