Skip to main content

भा.नौ.पो. कृपाण, वी.पी.एन. को सौंपा गया - 22 जुलाई 2023

"आज का सुपुर्दगी समारोह भारत और वियतनाम के बीच गहरी दोस्ती और रणनीतिक साझेदारी का प्रतीक है। इस अवसर को और अधिक महत्वपूर्ण बनाने वाली बात यह है कि यह पहला अवसर है जब भारत किसी भी मित्र विदेशी देश को पूर्ण रूप से संचालित कार्वेट की पेशकश कर रहा है।" - एडमिरल आर. हरि कुमार, सी.एन.एस.

राष्ट्र की 32 वर्षों की शानदार सेवा पूरी करने पर, भारतीय नौसेना जहाज कृपाण को भारतीय नौसेना से डिकमीशन किया गया है और वियतनाम के कैम रान, में आज वियतनाम पीपुल्स नेवी (वी.पी.एन.) को सौंप दिया गया है। भा.नौ.पो. कृपाण की डिकमीशन और इसे वी.पी.एन. को सौंपने के समारोह की अध्यक्षता भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार और एडमिरल फाम मन्ह हुंग, डिप्टी कमांडर इन चीफ और चीफ ऑफ स्टाफ, वी.पी.एन. ने की।

भा.नौ.पो. कृपाण 1991 में कमीशन होने के बाद से भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े का एक अभिन्न हिस्सा रहा है और पिछले 32 वर्षों में कई ऑपरेशनों में भाग लिया है। लगभग 12 अधिकारियों और 100 नाविकों द्वारा संचालित, जहाज 90 मीटर लंबा और 10.45 मीटर चौड़ा है जिसकी अधिकतम 1450 टन विस्थापन क्षमता है। जहाज को आज वियतनाम पीपुल्स नेवी को पूर्ण हथियारों के साथ सौंप दिया गया है।

इस अवसर पर अपने संबोधन में एडमिरल आर. हरि कुमार ने कहा कि "यह मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है कि मैं वियतनाम की सम्मानित नौसेना को भारतीय नौसेना के शानदार और सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले युद्धपोतों में से एक के सौंपने के समारोह का हिस्सा हूं। भारतीय नौसेना की ओर से यहां उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों का हार्दिक स्वागत करना मेरा सौभाग्य है। कृपाण का वियतनाम पीपुल्स नेवी में हस्तांतरण भारत के जी.20 दृष्टिकोण वसुधैव कुटुम्बकम - वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर के साथ प्रतिध्वनित होता है।

भारतीय नौसेना से वियतनाम पीपुल्स नेवी में भा.नौ.पो. कृपाण का स्थानांतरण हिंद महासागर क्षेत्र में ‘प्राथमिक सुरक्षा भागीदार’ होने की भारतीय नौसेना की स्थिति का प्रतीक है और निश्चित रूप से दोनों नौसेनाओं के बीच मौजूदा द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने के लिए एक उत्प्रेरक होगा।