Skip to main content

नौसेना सप्ताह 2023 के हिस्से के रूप में पश्चिमी नौसेना कमान 19 नवंबर को नौसेना हाफ मैराथन का आयोजन करेगा

नौसेना दिवस के उपलक्ष्य में इंडियन ऑयल डब्ल्यू.एन.सी. नेवी हाफ मैराथन 2023 का छठा संस्करण 19 नवंबर 2023 को मुंबई के आजाद मैदान में आयोजित किया जाएगा। 2016 में उद्घाटन संस्करण के बाद से, डब्ल्यू.एन.सी. नेवी हाफ मैराथन ने अपने दायरे और पैमाने में वृद्धि की है, जो भारत में 5वां सबसे बड़ा और मुंबई में दूसरा सबसे बड़ा दौड़ कार्यक्रम है। इस साल, यह कार्यक्रम "बड़ा, बेहतर और मजबूत" बनने की अपनी यात्रा जारी रखने के लिए तैयार है। यह दौड़ तीन श्रेणियों में आयोजित की जाएगी जिनमें एयरक्राफ्ट कैरियर दौड़ (21 किमी), डिस्ट्रॉयर दौड़ (10 किमी) और फ्रिगेट दौड़ (5 किमी) है। इस आयोजन के और फिटनेस तथा लंबी दूरी की दौड़ के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए, पिछले तीन महीनों में विभिन्न प्रोमो दौड़ आयोजित की गई हैं। 3 से 5 नवंबर 2023 तक आयोजित किए गए दौड़ एक्सपो को जबरदस्त और अभूतपूर्व प्रतिक्रिया मिली है। प्रदर्शनी स्थल के आकर्षणों में दौड़ की तैयारी के लिए विभिन्न विशेषज्ञों के लाइव सत्र, चिकित्सा पहलुओं के संबंध में जागरूकता शामिल थी। इसके अलावा, पदक के साथ कई सेल्फी पॉइंट, प्रतिष्ठित ब्रांडों से छूट वाले खेल उत्पाद, कार्यक्रम के स्मृति चिन्ह आदि थे। इस वर्ष प्रतिभागियों की संख्या 2016 में आयोजित उद्घाटन दौड़ में 6,000 से बढ़कर 16,000 हो गई है। सी.एस.एम.टी. के निकट आजाद मैदान से इस दौड़ को "स्वच्छ तट और स्वच्छ समुद्र, स्वस्थ जीवन बनाते हैं" संदेश के साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इसमें मरीन लाइंस, ओपेरा हाउस, एन.सी.पी.ए., फोर्ट एरिया जैसे प्रतिष्ठित स्थान कवर होंगे। समारोह में विभिन्न प्रख्यात सेवा खेल कर्मी (एशियाई खेलों के पदक विजेता), सैन्य और नागरिक संगठनों के वरिष्ठ गणमान्य व्यक्ति और भारतीय नौसेना प्रश्नोत्तरी, थिंक के प्रतिभागी भी उपस्थित रहेंगे।