समुद्री कौशल और रोमांच का उत्सव मनाते हुए, भारतीय नौसेना ने 22 नवंबर 2023 को नौसेना बेस, कोच्चि में एक शानदार समारोह में कोच्चि से गोवा तक अंतर कमान समुद्री सेलिंग रेस 2023 के दूसरे संस्करण को हरी झंडी दिखाई। इस दौड़ में चार 40 फुट के भारतीय नौसेना सेलिंग वेसल (आई.एन.एस.वी.) बुलबुल, नीलकंठ, कदलपुर और हरियाल अरब सागर में साहसिक यात्रा का वादा कर रहे हैं। प्रत्येक सेलबोट में तीन नौसेना कमान के आठ कर्मी और अंडमान एवं निकोबार कमान तथा एन.एच.क्यू .की संयुक्त टीम शामिल है। यह दौड़ अपने पिछले संस्करण से विशेष है क्योंकि इसमें एक मिश्रित चालक दल शामिल है जिसमें पुरुष और महिला दोनों ही अधिकारी और नाविक के रूप में शामिल हैं, जो लैंगिक तटस्थता का प्रतीक है और सभी को समान अवसर प्रदान करता है। 32 प्रतिभागी समुद्र में चुनौतियों का सामना करेंगे, प्रत्येक प्रतिष्ठित उपाधि के लिए प्रतिस्पर्धा करेगा, जब उनके जहाज अरब सागर की गतिशील धाराओं और तेज हवाओं के मध्य से गुजरेंगे।
दौड़ को रियर एडमिरल सुबीर मुखर्जी, एडमिरल सुपरिटेंडेंट यार्ड, कोच्चि द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस नौकायन कार्यक्रम का समन्वय ओशन सेलिंग नोड, गोवा द्वारा ऑफशोर सेलिंग क्लब, कोच्चि के सहयोग से किया जाता है। सेलिंग रेस का आयोजन दक्षिणी नौसेना कमान द्वारा नई दिल्ली के नौसेना मुख्यालय में स्थित इंडियन नेवल सेलिंग एसोसिएशन (आई.एन.एस.ए.) के तत्वावधान में किया जा रहा है। कोच्चि की तटीय सुंदरता की आश्चर्यजनक पृष्ठभूमि में, असाधारण नौकायन उत्सव में अनुभवी नाविकों के समुद्री कौशल और नौपरिवहन कौशल का प्रदर्शन किया जाएगा। इन नौकाओं का हवाओं का कुशलता से लाभ उठाने और बिना इंजन के गोवा जाने की उम्मीद है, जिसमें 360 एन.एम. की दूरी को तय किया जाएगा। दौड़ से पहले, कोच्चि में 14-19 नवंबर 2023 तक भाग लेने वाली टीमों के लिए एक ओशन सेलिंग क्लिनिक का आयोजन किया गया था।
भारतीय नौसेना ने समुद्री विरासत को संरक्षित करने और समुद्री कौशल को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए सेलिंग परंपरा को पुनर्जीवित करने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं। सेल ट्रेनिंग जहाज भा.नौ.पो. तरंगिनी और भा.नौ.पो. सुदर्शिनी के अग्रणी प्रयासों और आई.एन.एस.वी. महादेई और तारणि के जलपरिभ्रमण के माध्यम से भारतीय नौसेना ने समुद्री सेलिंग अभियान में मुख्य भूमिका प्राप्त की है।