भारतीय नौसेना इस वर्ष नौसेना दिवस (04 दिसम्बर) पर पुरी, ओडिशा के ब्लू फ्लैग बीच पर आयोजित ‘परिचालन प्रदर्शन’ (ऑप डेमो) में अपनी उत्कृष्ट समुद्री क्षमता और परिचालन सामर्थ्य का प्रदर्शन करने के लिए तैयार है। भारत की माननीय राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मू इस समारोह की मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होने के लिए सहमत हुई हैं। यह समारोह भारतीय नौसेना की बहुआयामी क्षमताओं को प्रदर्शित करेगा, नागरिकों में समुद्री जागरूकता को बढ़ावा देगा और भारत की समृद्ध समुद्री धरोहर का सम्मान करेगा।
ब्लू फ्लैग बीच की अद्वितीय पृष्ठभूमि में आयोजित 2024 का ऑप डेमो, भारतीय नौसेना और ओडिशा राज्य की समुद्री परंपराओं के बीच घनिष्ठ संबंधों का प्रतीक है।
भारतीय नौसेना, ओडिशा राज्य सरकार और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर इस कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु प्रयासरत है। स्थानीय दर्शकों और पर्यटकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि सभी को समुद्र तट से इस लाइव प्रदर्शन को देखने का अवसर मिल सके। यह समारोह राष्ट्रीय टेलीविजन पर लाइव प्रसारित होगा और भारतीय नौसेना के यूट्यूब चैनल पर स्ट्रीम किया जाएगा, जिससे अधिकाधिक दर्शकों तक इसकी पहुंच हो सके।