वाइस एडमिरल समीर सक्सेना, स्टाफ प्रमुख, मुख्यालय, पूर्वी नौसेना कमान, ने 13 जनवरी 2025 को विजाग से अयोध्या तक ‘डेयर स्क्वायर’ मोटरसाइकिल अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग, पूर्वी नौसेना बेड़ा, रियर एडमिरल सुशील मेनन भी इस अवसर पर उपस्थित थे। स्टाफ प्रमुख ने रैली के प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और जिम्मेदारी से वाहन चलाने का आग्रह किया।
यह रैली भा.नौ.पो. रणविजय द्वारा मेसर्स बजाज पल्सर के सहयोग से आयोजित की जा रही है।
रैली ओडिशा, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश राज्यों से होते हुए डोगरा रेजिमेंटल सेंटर, अयोध्या में समाप्त होगी।
जहाज की 37वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित इस पहल का उद्देश्य भारतीय सेना की डोगरा रेजिमेंट के साथ मजबूत संबंध स्थापित करना है, जो संयुक्तता की भावना को दर्शाता है।
इस अभियान का एक और महत्वपूर्ण उद्देश्य नौसेना प्रमुख के संदेश ‘मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण’ को बढ़ावा देना है, जिससे लोगों को भावनात्मक भलाई और धैर्य को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया जा सके। रैली के माध्यम से स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियानों द्वारा भारत की गौरवशाली समुद्री विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे युवाओं के विचारों का विस्तार हो सके। रोमांच की भावना को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ टीम वर्क और सहयोग के मूल्यों को उजागर करते हुए, यह रैली सड़क सुरक्षा जागरूकता पर जोर देते हुए जिम्मेदारी से वाहन चलाने का संदेश भी दोहराती है।