भा.नौ.पो. सर्वेक्षक ने मॉरीशस के हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण के अंतिम चरण को सफलतापूर्वक पूरा किया, जिसमें 25,000 से अधिक वर्ग समुद्री मील का क्षेत्र शामिल था। जहाज पर आयोजित स्वागत समारोह में, मॉरीशस में भारत के उच्चायुक्त श्री अनुराग श्रीवास्तव ने हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण का निष्कलंक पत्र, नए तैयार किए गए नौटिकल चार्ट और सर्वेक्षण उपकरण औपचारिक रूप से गणराज्य मॉरीशस के माननीय राष्ट्रपति श्री धरमबीर गोखूल, जी.सी.एस.के. (ग्रैंड कमांडर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन) को सौंपे। इन नए नौटिकल चार्ट्स से मॉरीशस को अपने समुद्री बुनियादी ढांचे को विकसित करने, संसाधन प्रबंधन को सुदृढ़ करने और तटीय विकास योजना में मदद मिलेगी। यह ऐतिहासिक आयोजन भारत और मॉरीशस के बीच समुद्री विकास और क्षेत्रीय सहयोग में स्थायी साझेदारी का प्रतीक है।
संचालनात्मक प्रतिबद्धता के तहत, जहाज ने 20 जनवरी 2025 को भारत-मॉरीशस संयुक्त योग सत्र का आयोजन किया, जिसमें जहाज के चालक दल, मॉरीशस के राष्ट्रीय तट रक्षक और इंदिरा गांधी भारतीय संस्कृति केंद्र (आई.जी.सी.आई.सी.) के कर्मियों ने भाग लिया। भा.नौ.पो. सर्वेक्षक के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन त्रिभुवन सिंह ने मॉरीशस के आवास और भूमि मंत्री श्री शकील अहमद यूसुफ अब्दुल रजाक मोहम्मद से मुलाकात कर भारतीय नौसेना द्वारा किए गए सर्वेक्षण कार्यों का विवरण साझा किया। यह यात्रा ‘एस.ए.जी.ए.आर.’ की दृष्टि के अनुरूप दोनों देशों के बीच मजबूत और व्यापक साझेदारी को फिर से पुष्ट करती है।