भारतीय नौसेना का नवीनतम स्टेल्थ फ्रिगेट भा.नौ.पो. तमाल 1 जुलाई 2025 को रूस में सेवा में शामिल होने के बाद भारत लौटते समय 13 अगस्त 2025 को इटली के नेपल्स पहुंचा। यह दौरा 2023 में ‘रणनीतिक साझेदारी’ के उन्नयन के बाद भारत और इटली के बीच गहरे होते द्विपक्षीय संबंधों को दर्शाता है। यह दौरा रक्षा, ऊर्जा और प्रौद्योगिकी में विस्तारित सहयोग पर केंद्रित है और दोनों नौसेनाओं के बीच अंतरसंचालनीयता व संयुक्त सहयोग को बढ़ाने का लक्ष्य रखता है।
भा.नौ.पो. तमाल ने नेपल्स के पोर्ट में प्रवेश से पहले इटली नौसेना के लैंडिंग प्लेटफॉर्म डॉक, आई.टी.एस. ट्रिएस्टे के साथ मार्ग अभ्यास (पासेक्स) में भाग लिया। इस दौरान संयुक्त अभियानों में संचार अभ्यास, युद्धाभ्यास और उड़ान संचालन शामिल थे। पोर्ट कॉल के दौरान पोत की गतिविधियों में नेपल्स के नागरिक गणमान्य व्यक्तियों के साथ संवाद, क्रॉस-डेक दौरे, वरिष्ठ इटली नौसेना अधिकारियों के साथ चर्चाएँ और भारत-इटली संबंधों के सम्मान में सांस्कृतिक आयोजन शामिल थे।
भा.नौ.पो. तमाल ने 15 अगस्त 2025 को नेपल्स में भारत का 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाया।
भा.नौ.पो. तमाल का यह पोर्ट कॉल भारत द्वारा इटली के साथ संबंधों को दिए गए महत्व और दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करने के प्रयास को दर्शाता है। यह दोनों नौसेनाओं को सर्वोत्तम प्रथाएँ साझा करने और सहयोग के नए अवसर तलाशने का मौका भी प्रदान करता है।