अदन की खाड़ी में समुद्री सुरक्षा अभियानों के लिए तैनात भारतीय नौसेना के युद्धपोत भा.नौ.पो. त्रिकंद ने कैमरून ध्वजांकित एल.पी.जी. वाहक एम.टी. फाल्कन को, जो जिबूती तट के निकट परिचालन कर रहा था, महत्वपूर्ण अग्निशमन और एस.ए.आर. सहायता प्रदान की। पोत ने शिपिंग कंपनी द्वारा नियुक्त सिविल टग के साथ समन्वय में अग्निशमन अभियान संचालित किया और आग पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पाया। 26 सदस्यीय चालक दल (25 भारतीय और 1 ब्रिटिश) में से 24 सदस्य पोत से सुरक्षित बाहर निकलने में सफल हुए और पास के व्यापारी जहाजों द्वारा बचा लिए गए। भा.नौ.पो. त्रिकंद की अग्निशमन व चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम एम.टी. फाल्कन पर सवार हुई और भीषण गर्मी, क्षतिग्रस्त ढांचे तथा जहरीले धुएं का सामना करते हुए दो लापता सदस्यों के अवशेष बरामद किए। ये अवशेष बाद में जिबूती स्थित भारतीय दूतावास को सौंप दिए गए।