भारतीय नौसेना 14 से 17 अक्टूबर 2025 तक विशाखापट्टनम में भारत-इंडोनेशिया संयुक्त द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘समुद्रा शक्ति - 2025’ के पांचवें संस्करण की मेजबानी कर रही है। इसमें पूर्वी नौसेना कमान के तहत पूर्वी बेड़े का पनडुब्बी रोधी युद्ध कोरवेट भा.नौ.पो. कवरत्ती और इंडोनेशियाई नौसेना का पोत के.आर.आई. जॉन ली (एकीकृत हेलीकॉप्टर वाला कोरवेट) शामिल है, जिसका विशाखापट्टनम में पूर्वी नौसेना कमान द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
पोर्ट चरण में सौहार्द और पेशेवर तालमेल बढ़ाने वाली गतिविधियाँ शामिल हैं, जैसे एक-दूसरे के पोतों का भ्रमण, संयुक्त योग सत्र, मैत्रीपूर्ण खेल प्रतियोगिताएँ और पेशेवर विषय विशेषज्ञ आदान-प्रदान। समुद्री चरण में सामरिक समन्वय बढ़ाने के लिए जटिल समुद्री संचालन होंगे, जिनमें हेलीकॉप्टर संचालन, वायु रक्षा अभ्यास, हथियार गोलीबारी अभ्यास और विजिट, बोर्ड, सर्च एंड सीज़र अभ्यास शामिल हैं।
‘समुद्रा शक्ति’ अभ्यास दोनों नौसेनाओं के बीच अंतर-संचालनीयता, आपसी समझ और सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान को मजबूत करने का प्रमुख द्विपक्षीय प्रयास है। यह हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता और शांति बनाए रखने की दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।