दक्षिण पूर्व एशिया में जारी प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन (1टी.एस.) की प्रशिक्षण तैनाती के तहत, भा.नौ.पो. शार्दूल, भा.नौ.पो. सुजाता और आई.सी.जी.एस. वीरा 01 मार्च 25 को फुकेट डीप सी पोर्ट, थाईलैंड पहुंचे। रॉयल थाई नौसेना (आर.टी.एन.) ने अपने आर.टी.एन. बैंड के भव्य प्रदर्शन के साथ पोतों का हार्दिक स्वागत किया। वरिष्ठ अधिकारी, 1टी.एस., कैप्टन अंशुल किशोर ने पोतों के कमांडिंग अधिकारियों के साथ मिलकर रियर एडमिरल सुवात डोंसाकुल, कमांडर, तृतीय नौसैनिक क्षेत्र कमान से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्रीय सुरक्षा, संयुक्त प्रशिक्षण अभ्यासों के अवसरों और सद्भावना गतिविधियों पर चर्चा हुई।
1टी.एस. पर रॉयल थाई नौसेना के वरिष्ठ नेतृत्व, राजनयिकों और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों के लिए एक स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस पोर्ट कॉल के दौरान, भारतीय नौसेना और रॉयल थाई नौसेना समुद्री सहयोग को मजबूत करने और परिचालन समन्वय को बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगे। इस दौरे में व्यावसायिक संवाद, योग सत्र, क्रॉस-ट्रेनिंग दौरों, मैत्रीपूर्ण खेल प्रतियोगिताओं, नौसेना बैंड प्रदर्शन और पी.ए.एस.एस.ई.एक्स. जैसी गतिविधियाँ शामिल हैं।
भारतीय नौसेना और रॉयल थाई नौसेना के बीच घनिष्ठ और सौहार्दपूर्ण संबंध हैं, जो वर्षों में और अधिक सशक्त हुए हैं। यह यात्रा दोनों नौसेनाओं के बीच बेहतर समझ और उच्च स्तर की अंतर-संचालन क्षमता को प्रोत्साहित करती है।