भारतीय नौसेना नागरिक कर्मियों के मानव संसाधन (एच.आर.) प्रबंधन में उत्कृष्टता, नवाचार, अनुकूलन क्षमता और बेहतर कार्यकुशलता के प्रति प्रतिबद्ध है, और इस लक्ष्य को प्राप्त करने के प्रमुख उद्देश्यों में से एक समावेशिता की संस्कृति को बढ़ावा देना और विभिन्न कल्याणकारी उपायों के माध्यम से एक मजबूत जुड़ाव की भावना को विकसित करना है।
नौसेना के नागरिकों के लिए कार्य वातावरण में सुधार और नई पहलों को बढ़ावा देने के लिए भारतीय नौसेना ने 2024 को ‘नौसेना नागरिकों का वर्ष’ घोषित किया है (https://pib.gov.in/PressReleaseIframePage.aspx?PRID=2001395)। इस वर्ष के तहत, जीवन की गुणवत्ता में सुधार करने के लिए कल्याणकारी उपायों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
नौसेना नागरिकों के लिए एक प्रमुख चिंता का विषय यह है कि सेवा के दौरान अप्रत्याशित मृत्यु की स्थिति में कर्मचारी के परिवार को वित्तीय सहायता मिले। इसलिए, परिवार के लिए आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु जीवन बीमा का होना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय नौसेना ने बजाज आलियांज लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के साथ एक समझौता ज्ञापन (एम.ओ.यू.) पर हस्ताक्षर किए हैं, जो नौसेना नागरिकों को किफायती प्रीमियम पर टर्म इंश्योरेंस सहित विविध बीमा उत्पाद उपलब्ध कराएगा। यह बीमा नौसेना नागरिकों द्वारा स्वैच्छिक रूप से लिया जा सकता है, जिससे सेवा के दौरान कर्मचारी की मृत्यु या बीमा पॉलिसी के अंतर्गत किसी अन्य घटना की स्थिति में त्वरित वित्तीय सहायता मिल सकेगी।
'नौसेना के नागरिकों के वर्ष' की गतिविधियों के हिस्से के रूप में इस अवसर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, कार्मिक प्रमुख वाइस एडमिरल संजय भल्ला ने बजाज आलियांज लाइफ द्वारा पेश किए गए जीवन बीमा समाधानों की सराहना की, जिन्हें विशेष रूप से भारतीय नौसेना के नागरिक कर्मियों की जरूरतों को पूरा करने के लिए तैयार किया गया है। उन्होंने नौसेना के नागरिकों और परिवारों के कल्याण के प्रति भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता को दोहराया।