भारतीय नौसेना पोत किलटन ब्रुनेई से रवाना, आई.एन. - आर.बी.एन. समुद्री साझेदारी अभ्यास में भाग लिया।
भारतीय नौसेना पोत किलटन, भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े की परिचालन तैनाती के तहत दक्षिण चीन सागर में, ब्रुनेई के मुआरा का दौरा किया। इस यात्रा ने दोनों समुद्री राष्ट्रों के बीच संबंधों को और गहरा करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाया।
इस बंदरगाह यात्रा में व्यावसायिक बातचीत, क्रॉस डेक यात्राएं और सांस्कृतिक आदान-प्रदान शामिल थे। जहाज आगंतुकों के लिए भी खुला था, जिसमें भारतीय प्रवासी और रॉयल ब्रुनेई नौसेना के कर्मी जहाज का दौरा करने आए। उन्हें जहाज, भारत की स्वदेशी जहाज निर्माण क्षमताओं और समृद्ध समुद्री विरासत के बारे में जानकारी दी गई। आपसी सौहार्द बढ़ाने के लिए, भारतीय नौसेना और रॉयल ब्रुनेई नौसेना के कर्मियों के बीच वॉलीबॉल खेला गया। जहाज ने आई.एन. - आर.बी.एन. समुद्री साझेदारी अभ्यास में भी भाग लिया। इससे एक दूसरे की रणनीति, तकनीक और प्रक्रिया की समझ को बढ़ावा मिलेगा और अंतरसंचालनीयता को और मजबूत किया जा सकेगा।
इस बंदरगाह यात्रा की सफल समाप्ति क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए भारत की प्रतिबद्धता का एक प्रदर्शन है, जो उसकी ‘एक्ट ईस्ट’ और एस.ए.जी.ए.आर. नीतियों के अनुरूप है।