गोवा शिपयार्ड लिमिटेड (जी.एस.एल.) द्वारा निर्मित चौथे अगली पीढ़ी के अपतटीय गश्ती पोत (एन.जी.ओ.पी.वी.), यार्ड 1283 का कील बिछाने का समारोह 09 जून 2025 को आयोजित किया गया, जिसमें नौसेना के उप प्रमुख वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर जी.एस.एल. के सी.एम.डी. श्री ब्रजेश कुमार उपाध्याय और भारतीय नौसेना तथा शिपयार्ड के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
30 मार्च 23 को संपन्न हुए अनुबंधों के तहत 11 अगली पीढ़ी के अपतटीय गश्ती पोतों (एन.जी.ओ.पी.वी.) का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसमें सात और चार जहाज क्रमशः जी.एस.एल., गोवा और जी.आर.एस.ई., कोलकाता द्वारा निर्मित किए जा रहे हैं।
लगभग 3000 टन के विस्थापन वाले एन.जी.ओ.पी.वी. को तटीय रक्षा और निगरानी, खोज और बचाव अभियान,अपतटीय संपत्तियों की सुरक्षा, और पाइरेसी रोधी मिशनों के लिए डिज़ाइन किया गया है। ये जहाज आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया के राष्ट्र के दृष्टिकोण के अनुरूप निर्मित किए जा रहे हैं और भारतीय नौसेना की समुद्री शक्ति को बढ़ाने के लिए तैयार हैं।