भारतीय नौसेना 27 से 28 अगस्त 2025 तक कोच्चि में दक्षिणी नौसेना कमान में ‘हिंद महासागर नौसेना संगोष्ठी’ (आई.ओ.एन.एस.) के तत्वावधान में ‘उभरते नेताओं की पैनल चर्चा’ की मेजबानी कर रही है। यह दो दिवसीय समारोह हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय सहयोग पर केंद्रित होगा, जिसमें 18 आई.ओ.एन.एस. देशों के युवा नौसेना नेताओं को शामिल करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
यह पैनल चर्चा आई.ओ.एन.एस. ढांचे का हिस्सा है, जो सदस्य देशों के बीच संवाद और सहयोग को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखता है। इस आयोजन में सदस्य देशों के नौसेना अधिकारी क्षेत्रीय समुद्री मुद्दों पर अपनी अंतर्दृष्टि साझा करेंगे। चर्चा के विषयों में शामिल हैं- ‘हिंद महासागर क्षेत्र का रणनीतिक महत्व और सामने आने वाली चुनौतियाँ: युवा अधिकारियों का दृष्टिकोण’, ‘समुद्री सुरक्षा में उभरती प्रौद्योगिकियाँ’, ‘समुद्री सुरक्षा के लिए सहयोग को बढ़ावा देने में आई.ओ.एन.एस. की भविष्य की भूमिका’, और ‘आई.ओ.एन.एस. देशों के बीच प्रशिक्षण क्षमताओं का उपयोग: भविष्य का रोडमैप’। वाइस एडमिरल वी. श्रीनिवास, फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, दक्षिणी नौसेना कमान, इस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
आई.ओ.एन.एस. की शुरुआत 2008 में भारतीय नौसेना द्वारा हिंद महासागर क्षेत्र के तटीय देशों की नौसेनाओं के बीच समुद्री सहयोग को बढ़ाने के लिए की गई थी। यह मंच क्षेत्रीय रूप से प्रासंगिक समुद्री मुद्दों पर खुली और समावेशी चर्चा का अवसर प्रदान करता है। भारतीय नौसेना ने हाल ही में 24 से 25 जून 2025 तक नई दिल्ली में समुद्री सुरक्षा पर आई.ओ.एन.एस. कार्य समूह बैठक (आई.डब्ल्यू.जी.-मैरसेक) की मेजबानी की, जिसने सुरक्षित और संरक्षित हिंद महासागर क्षेत्र के लिए सदस्य नौसेनाओं के सामूहिक संकल्प को मजबूत किया।