उच्च स्तरीय वर्चुअल संवाद ‘महासागर’ का तीसरा संस्करण भारतीय नौसेना द्वारा 05 नवंबर 2024 को आयोजित किया गया। इस अवसर पर नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने हिंद महासागर क्षेत्र (आई.ओ.आर.) के लिट्टोरल देशों जैसे बांग्लादेश, कोमोरोस, केन्या, मेडागास्कर, मालदीव, मॉरीशस, मोजाम्बिक, सेशेल्स, श्रीलंका और तंजानिया की नौसेनाओं/समुद्री एजेंसियों के प्रमुखों और वरिष्ठ नेतृत्व से संवाद किया। इस चर्चा का विषय था ‘आई.ओ.आर. में समान समुद्री सुरक्षा चुनौतियों का समाधान करने हेतु प्रशिक्षण सहयोग’, जो हिंद महासागर क्षेत्र में सामान्य समुद्री सुरक्षा चुनौतियों के समाधान के लिए प्रशिक्षण सहयोग की अनिवार्य आवश्यकताओं को रेखांकित करता है।
‘महासागर’, जिसका हिंदी में अर्थ है विशाल महासागर, भारतीय नौसेना का प्रमुख संवाद मंच है जो क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास के उद्देश्य से समुद्री प्रमुखों के बीच उच्च-स्तरीय वर्चुअल संवाद की सुविधा प्रदान करता है। भारतीय नौसेना द्वारा आरंभ की गई इस पहल का आयोजन द्विवार्षिक रूप से किया जाता है और 2023 में इसकी शुरुआत के बाद से ही इसमें भाग लेने वाले देशों के बीच व्यापक सराहना प्राप्त हुई है।
इस संस्करण के दौरान, सहभागी देशों के प्रमुखों ने आई.ओ.आर. लिट्टोरल देशों के बीच सामरिक क्षमता निर्माण और कुशल जनशक्ति के विकास के लिए प्रशिक्षण सहयोग के अवसरों पर विचार-विमर्श किया, जिससे आई.ओ.आर. क्षेत्र में सामान्य समुद्री सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक क्षमताओं का विकास किया जा सके।