भारतीय नौसेना 17 जनवरी 2025 को डॉ. डी.एस. कोठारी ऑडिटोरियम, डी.आर.डी.ओ. भवन, नई दिल्ली में गर्वपूर्वक ‘नौसेना नागरिक वर्ष’ का आयोजन करेगी। इस अवसर पर माननीय रक्षा मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
समारोह में नौसेना नागरिकों की उल्लेखनीय उपलब्धियों और योगदान को प्रदर्शित करने के लिए प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें एक विशेष प्रदर्शनी भी शामिल होगी, जिसमें नौसेना नागरिकों के कार्य, जीवन और कहानियों को दर्शाने वाले तस्वीर और चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे। यह प्रदर्शनी नौसेना के सहयोग कार्यों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिकाओं और उपलब्धियों की झलक प्रदान करेगी।
माननीय मुख्य अतिथि का परिचय प्रधानमंत्री श्रम पुरस्कार प्राप्त करने वाले उन व्यक्तियों से कराया जाएगा जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में असाधारण कौशल, समर्पण और नवाचार का परिचय दिया है। इसके बाद नौसेना प्रमुख का संबोधन होगा, जिसमें वे नौसेना के मिशन में नौसेना नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका और उनकी वार्षिक उपलब्धियों का उत्सव मनाएंगे। इस अवसर पर नौसेना नागरिकों के समर्पण और योगदान को दर्शाने वाली एक स्मारक लघु फिल्म प्रदर्शित की जाएगी। यह फिल्म नौसेना नागरिकों के कार्यों को और गहराई से समझने और उनकी सराहना करने में मदद करेगी।
एक विशेष नौसेना नागरिक गीत ‘जी जान लगन से’ तैयार किया गया है। इस गीत की खासियत यह है कि इसके गीतकार, संगीतकार और गायक सभी नौसेना नागरिक कर्मचारी हैं। इस गीत के वाद्य यंत्र नौसेना सेंट्रल बैंड के संगीतकारों द्वारा बजाए गए हैं। पूरी टीम का मार्गदर्शन नौसेना के संगीत निदेशक कमांडर सतीश चैंपियन ने किया है। यह गीत वर्दीधारी सेवा और नौसेना नागरिकों के बीच उत्कृष्ट समन्वय का प्रतीक है। यह गीत ‘नौसेना नागरिक वर्ष’ के उत्सव के दौरान सभी गायकों द्वारा लाइव प्रस्तुत किया जाएगा।
समारोह में चयनित नौसेना नागरिकों को माननीय रक्षा मंत्री द्वारा उनकी अनुकरणीय सेवाओं के लिए प्रशंसा पत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इन पुरस्कारों को छह श्रेणियों में वितरित किया जाएगा।
भारतीय नौसेना वर्दीधारी और नागरिक कर्मियों के सामूहिक प्रयासों को मान्यता देने के प्रति दृढ़ है। यह उत्सव नौसेना नागरिकों की उस महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मानित करता है, जिनके कठिन परिश्रम और अटूट समर्पण ने नौसेना की परिचालन क्षमताओं को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।