नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने 08 अगस्त 2025 को नई दिल्ली के मॉडर्न स्कूल, बराखंभा रोड में आयोजित स्वतंत्रता समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। स्कूल के बैंड के प्रदर्शन और नौसेना प्रमुख द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने के बाद, छात्रों ने भारत की समृद्ध विरासत, एकता और विविधता को दर्शाने वाला एक मनमोहक सांस्कृतिक प्रदर्शन प्रस्तुत किया।
अपने संबोधन में, नौसेना प्रमुख ने छात्रों से आग्रह किया कि वे मॉडर्न स्कूल के प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों की विरासत को आगे बढ़ाएं और भारत के भविष्य के निर्माता के रूप में विकसित भारत 2047 के गौरवशाली ध्वजवाहक बनें।
उन्होंने छात्रों को अनुशासित रहने और 'राष्ट्र सबसे पहले, हमेशा और हर बार' के आदर्श वाक्य का पालन करते हुए सत्यनिष्ठा व साहस के साथ राष्ट्र की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।
सैनिक स्कूल रीवा में शामिल होने के बाद लगभग 50 वर्षों के अनुभव से प्राप्त जीवन के मूल्यवान सबक साझा करते हुए, नौसेना प्रमुख ने छात्रों को कठिन परिश्रम करने, अवसरों का लाभ उठाने, बड़े सपने देखने और यह याद रखने के लिए प्रेरित किया कि भविष्य उनका है जो साहस और दृढ़ता के साथ आगे बढ़ते हैं।