भारतीय नौसेना के नौसेना प्रमुख (सी.एन.एस.) एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी 09 से 12 दिसंबर 2025 तक ब्राज़ील की आधिकारिक यात्रा पर हैं।
यह यात्रा भारतीय नौसेना और ब्राज़ीलियाई नौसेना के बीच मजबूत और निरंतर विकसित हो रही समुद्री साझेदारी को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से की जा रही है, जो भारत–ब्राज़ील रणनीतिक साझेदारी का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। यात्रा के दौरान नौसेना प्रमुख ब्राज़ील के वरिष्ठ नेतृत्व से मुलाकात करेंगे, जिनमें ब्राज़ील के रक्षा मंत्री श्री जोज़े मूसियो, ब्राज़ीलियाई सशस्त्र बलों के संयुक्त स्टाफ प्रमुख एडमिरल रेनातो रोड्रिग्स डी अगुइआर फ्रेइरे और ब्राज़ीलियाई नौसेना के कमांडर एडमिरल मार्कोस सैमपायो ओल्सेन शामिल हैं। इन बैठकों के माध्यम से द्विपक्षीय समुद्री सहयोग की समीक्षा, परिचालन स्तर पर संबंधों को मजबूत करना और दोनों नौसेनाओं के बीच नए सहयोग क्षेत्रों की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा।
इस यात्रा में परिचालन कमानों के साथ संवाद, नौसैनिक अड्डों और ब्राज़ीलियाई नौसेना के शिपयार्डों का दौरा भी शामिल है। चर्चाओं का केंद्र साझा समुद्री प्राथमिकताएं, नौसैनिक पारस्परिक संचालन क्षमता, क्षमता निर्माण तथा बहुपक्षीय ढांचों सहित दक्षिण–दक्षिण सहयोग रहेगा। नौसेना प्रमुख की यह यात्रा समुद्री सुरक्षा, व्यावसायिक आदान-प्रदान और क्षमता निर्माण के क्षेत्रों में ब्राज़ीलियाई नौसेना के साथ सहयोग बढ़ाने की भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता को दोहराती है, जो वैश्विक समुद्री क्षेत्र में स्थिरता और साझी सुरक्षा को सुदृढ़ करती है।