नेवी चिल्ड्रन स्कूल, दिल्ली ने 29 अगस्त 2025 को तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में अपना हीरक जयंती वार्षिक दिवस मनाया। नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी और एन.डब्ल्यू.डब्ल्यू.ए. की अध्यक्ष श्रीमती शशि त्रिपाठी ने इस अवसर की शोभा बढ़ाई। समारोह में वरिष्ठ नौसेना अधिकारी, आमंत्रित मेहमान और अभिभावक भी शामिल थे। इस वर्ष के वार्षिक दिवस का थीम था ‘स्वदेश अनुराग’ - अपने देश के प्रति प्रेम। वार्षिक दिवस के कार्यक्रम में छात्रों ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव को दर्शाने वाले विविध प्रदर्शन प्रस्तुत किए। मुख्य आकर्षणों में शास्त्रीय नृत्य, विशेष आवश्यकता वाले छात्रों का देशभक्ति प्रदर्शन और एक प्रभावशाली कोरियो-ड्रामा शामिल था, जो राष्ट्र की प्रगति और रक्षा बलों को श्रद्धांजलि के रूप में समाप्त हुआ।
एन.सी.एस. दिल्ली के शिक्षकों द्वारा रचित और एन.डब्ल्यू.डब्ल्यू.ए. के सहयोग से तैयार ‘हीरक जयंती गीत’ को एन.डब्ल्यू.डब्ल्यू.ए. की अध्यक्ष ने इस अवसर पर जारी किया। स्कूल की पत्रिका ‘एंकर’ का ‘हीरक जयंती’ संस्करण और एन.सी.एस., दिल्ली के छात्रों द्वारा लिखित कहानियों का संग्रह ‘ए फ्लीट ऑफ टेल्स’ नामक पुस्तक भी नौसेना प्रमुख और एन.डब्ल्यू.डब्ल्यू.ए. की अध्यक्ष द्वारा जारी की गई।
नौसेना प्रमुख ने शैक्षणिक, खेल और सह-पाठ्यचर्या क्षेत्रों में स्कूल के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने शैक्षणिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विकास में स्कूल के प्रयासों की भी प्रशंसा की। सैनिक स्कूल, रीवा से शुरू हुई अपनी पांच दशक लंबी यात्रा के अनुभव साझा करते हुए, नौसेना प्रमुख ने आत्म-अनुशासन को एक “अदृश्य महाशक्ति” बताया, जो व्यक्तियों को मजबूत, बुद्धिमान और तीक्ष्ण बनाता है। उन्होंने पढ़ने, दृढ़ता और आत्मविश्वास के साथ विनम्रता के महत्व पर भी जोर दिया। नौसेना प्रमुख ने छात्रों से बड़े सपने देखने, कड़ी मेहनत करने और पेशेवर बनने के दौरान आत्मविश्वास, आत्म-जागरूकता और निःस्वार्थता विकसित करने का आग्रह किया। साथ ही, उन्होंने समाज को वापस देने के महत्व को रेखांकित किया और विश्वास जताया कि छात्रों का समर्पण और उत्साह 2047 तक समृद्ध और विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण छात्र मास्टर मनील कुमार और सुश्री खुशी जंघु को कैप्टन महेंद्र नाथ मुल्ला, एम.वी.सी. के परिवार द्वारा कैप्टन महेंद्र नाथ मुल्ला मेमोरियल पुरस्कार प्रदान किया गया।