ओमान की शाही नौसेना के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे कमांडर सैफ खलफान सलीम अली नभानी ने 21 से 26 अप्रैल 2024 तक कोच्चि में दक्षिणी नौसेना कमान (एस.एन.सी.) का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल को नौसैनिक इकाई के प्रदर्शन के मूल्यांकन तंत्र और निरीक्षण पद्धति का व्यापक अवलोकन प्रदान किया गया। इस यात्रा के दौरान, विविध विषयों पर प्रशिक्षण कार्यशालाएं, क्षेत्रीय भ्रमण और व्यावसायिक चर्चाएं आयोजित की गईं। प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय नौसेना के प्रोफेशनल प्रशिक्षण स्कूलों में विभिन्न सिमुलेटरों का प्रदर्शन भी देखा। प्रतिनिधिमंडल ने कमोडोर श्रीतानु गुरु, कमोडोर (प्रशिक्षण), दक्षिणी नौसेना कमान से मुलाकात की और दोनों नौसेनाओं के बीच प्रशिक्षण आदान-प्रदान और सहयोगी प्रयासों पर चर्चा की। यात्रा का समापन फोर्ट कोच्चि में भारतीय समुद्री संग्रहालय के समृद्ध भ्रमण के साथ हुआ, जहां भारत के समृद्ध समुद्री इतिहास का प्रदर्शन किया गया।