इंडोनेशियाई नौसेना के स्टाफ प्रमुख एडमिरल मुहम्मद अली भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। यह यात्रा उनके महामहिम राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो, जो गणतंत्र दिवस परेड 2025 के मुख्य अतिथि हैं, के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा है। अपनी यात्रा के दौरान, एडमिरल मुहम्मद अली और भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने समुद्री सहयोग को गहरा करने और दोनों नजदीकी समुद्री पड़ोसियों के संबंधों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से द्विपक्षीय वार्ता की।
दोनों नौसेना प्रमुखों के बीच बातचीत के मुख्य बिंदु में अभ्यास समुद्र शक्ति जैसी संयुक्त पहलों को बढ़ावा देना, परिचालन सहयोग को मजबूत करना, और समुद्री डकैती व अन्य अवैध गतिविधियों जैसी साझा समुद्री चुनौतियों का समाधान करना शामिल रहा।
यात्रा के दौरान सूचना संलयन केंद्र – हिंद महासागर क्षेत्र (आई.एफ.सी.-आई.ओ.आर.) और हथियार एवं इलेक्ट्रॉनिक्स प्रणाली और इंजीनियरिंग प्रतिष्ठान (डब्ल्यू.ई.एस.ई.ई.) जैसे प्रमुख समुद्री प्रतिष्ठानों का दौरा भी शामिल रहा, जो क्षेत्रीय सहयोग और समुद्री क्षेत्र जागरूकता को बढ़ाने पर केंद्रित था। इसके अतिरिक्त, एडमिरल मुहम्मद अली ने ब्रह्मोस एयरोस्पेस प्राइवेट लिमिटेड (बी.ए.पी.एल.) का दौरा किया और रक्षा एवं रणनीति के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को और सुदृढ़ करने के लिए विचारों और अंतर्दृष्टियों का आदान-प्रदान किया।
एडमिरल मुहम्मद अली की भारतीय नौसेना और रक्षा हितधारकों के साथ सहभागिता क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देने और एक सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण समुद्री वातावरण सुनिश्चित करने की साझा प्रतिबद्धता को प्रकट करती है।