यार्ड 3039, तीसरे अगली पीढ़ी के अपतटीय गश्ती पोत (पूर्व-जी.आर.एस.ई.) की आधारशिला स्थापना समारोह 11 अप्रैल, 2025 को जी.आर.एस.ई. लिमिटेड, कोलकाता में आयोजित किया गया, जिसमें श्री सुगाता घोष दस्तीदार, आई.डी.ए.एस., वित्तीय सलाहकार (रक्षा सेवाएँ) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कमोडोर पी. आर. हरी (सेवानिवृत्त), अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक, जी.आर.एस.ई. तथा भारतीय नौसेना और शिपयार्ड के अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस समारोह में उपस्थित थे।
ग्यारह एन.जी.ओ.पी.वी. के स्वदेशी डिजाइन और निर्माण के लिए अनुबंध 30 मार्च, 2023 को गोवा शिपयार्ड लिमिटेड (जी.एस.एल.), गोवा और गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जी.आर.एस.ई.), कोलकाता के साथ संपन्न किए गए, जिसमें सात पोतों का निर्माण लीड शिपयार्ड जी.एस.एल. द्वारा और चार पोतों का निर्माण फॉलो शिपयार्ड जी.आर.एस.ई. द्वारा किया जाएगा।
लगभग 3000 टन के विस्थापन वाले एन.जी.ओ.पी.वी. को तटीय रक्षा और निगरानी, खोज और बचाव अभियान, अपतटीय संपत्तियों की सुरक्षा और समुद्री डकैती रोधी मिशनों के लिए डिज़ाइन किया गया है। इन पोतों की आधारशिला स्थापना की प्रक्रिया समग्र परियोजना समयरेखा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। ग्यारह एन.जी.ओ.पी.वी. का निर्माण राष्ट्र के आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया के दृष्टिकोण के अनुरूप किया जा रहा है और ये भारतीय नौसेना की समुद्री शक्ति को बढ़ाने के लिए तैयार हैं।