Skip to main content

Home Quick Menu

वाइस एडमिरल गुरचरण सिंह, ए.वी.एस.एम., एन.एम. ने भारतीय नौसेना के कार्मिक प्रमुख का कार्यभार संभाला

वाइस एडमिरल गुरचरण सिंह, ए.वी.एस.एम., एन.एम. ने भारतीय नौसेना के कार्मिक प्रमुख का कार्यभार संभाला
वाइस एडमिरल गुरचरण सिंह, ए.वी.एस.एम., एन.एम. ने भारतीय नौसेना के कार्मिक प्रमुख का कार्यभार संभाला
वाइस एडमिरल गुरचरण सिंह, ए.वी.एस.एम., एन.एम. ने भारतीय नौसेना के कार्मिक प्रमुख का कार्यभार संभाला
वाइस एडमिरल गुरचरण सिंह, ए.वी.एस.एम., एन.एम. ने भारतीय नौसेना के कार्मिक प्रमुख का कार्यभार संभाला

वाइस एडमिरल गुरचरण सिंह, ए.वी.एस.एम., एन.एम. ने 01 नवम्बर 2025 को भारतीय नौसेना के कार्मिक प्रमुख के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। 

राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (खडकवासला) के पूर्व छात्र, वे 01 जुलाई 1990 को भारतीय नौसेना में सेवा में शामिल हुए थे।  फ्लैग अधिकारी ने नौसेना में तैरते और तटवर्ती, दोनों प्रकार के कई महत्वपूर्ण पदों का दायित्व संभाला है। गनरी और मिसाइल विशेषज्ञ के रूप में उन्होंने भारतीय नौसेना पोत रणजीत और प्रहार पर सेवा दी है। उन्हें तीन स्वदेशी निर्मित युद्धपोतों भा.नौ.पो. ब्रह्मपुत्र (गनरी अधिकारी के रूप में), भा.नौ.पो. शिवालिक (कार्यकारी अधिकारी के रूप में) और भा.नौ.पो. कोच्चि (कमांडिंग अधिकारी के रूप में) की सेवा में शामिल दल का हिस्सा होने का गौरव प्राप्त है। उन्होंने भा.नौ.पो. विद्युत और भा.नौ.पो. खुखरी की भी कमान संभाली है। उन्होंने भा.नौ.पो. द्रोणाचार्य (गनरी स्कूल) में प्रशिक्षक तथा नौसेना युद्ध कॉलेज, गोवा में उप-समादेशक के रूप में कार्य किया है। उनके स्टाफ कार्यकालों में नौसेना मुख्यालय में सहायक कार्मिक प्रमुख (एच.आर.डी.), नौसेना खुफिया निदेशालय और भारतीय नौसेना वर्क-अप टीम में नियुक्तियां शामिल हैं।

नवंबर 2022 में उन्होंने फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग ईस्टर्न फ्लीट का कार्यभार संभाला। इस कार्यकाल के दौरान, बेड़े ने ‘ऑर्डनेंस ऑन टार्गेट’ मिशन पर केंद्रित रहकर उच्च स्तर की परिचालन तत्परता बनाए रखी। जनवरी 2024 में वाइस एडमिरल के पद पर पदोन्नति के बाद उन्हें कंट्रोलर पर्सनल सर्विसेज के रूप में नियुक्त किया गया, जहाँ नौसैनिक कर्मियों और समुदाय के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण पहलें की गईं। कार्मिक प्रमुख का कार्यभार संभालने से पूर्व फ्लैग अधिकारी राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खडकवासला के समादेशक के रूप में कार्यरत थे। अपने प्रारंभिक प्रशिक्षण के दौरान वे अपने बैच में ‘संपूर्ण ओवरऑल ऑर्डर ऑफ मेरिट’ में प्रथम स्थान पर रहे, जिसके लिए उन्हें एडमिरल कातारी ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। उनके नेतृत्व में भा.नौ.पो. खुखरी को दिसंबर 2011 में एंटी-पायरेसी अभियानों के सफल संचालन और समग्र परिचालन दक्षता के लिए नौसेना प्रमुख ‘यूनिट प्रशंसा पत्र’ प्रदान किया गया। उन्हें वर्ष 2002 में फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ प्रशंसा, वर्ष 2020 में नौसेना पदक और वर्ष 2024 में अति विशिष्ट सेवा पदक से भी सम्मानित किया गया है। उनकी शैक्षणिक योग्यताओं में रक्षा एवं सामरिक अध्ययन में एम.एससी. और एम.फिल. शामिल हैं। उन्होंने डी.एस.एस.सी. वेलिंगटन में स्टाफ कोर्स, नौसेना युद्ध कॉलेज में उच्च कमान कोर्स तथा भारत में एन.डी.सी. कोर्स पूरा किया है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने नेशनल इंटेलिजेंस यूनिवर्सिटी (एन.आई.यू.), वाशिंगटन में मरीटाइम इंटेलिजेंस कोर्स और स्टॉकहोम, स्वीडन में यूनाइटेड नेशंस स्टाफ ऑफिसर्स कोर्स (यू.एन.एस.ओ.सी.) में भी भाग लिया है।