Skip to main content

Home Quick Menu

भारतीय नौसेना ने बेपोर अंतर्राष्ट्रीय जल उत्सव 2022 में भाग लिया

केरल राज्य सरकार द्वारा आयोजित बेपोर अंतर्राष्ट्रीय जल उत्सव 2022 के हिस्से के रूप में, दो नौसेना जहाजों भा.नौ.पो. शारदा और भा.नौ.पो. कल्पेनी ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। भा.नौ.पो. कल्पेनी, एक वाटर जेट फास्ट अटैक क्राफ्ट ने 26 दिसंबर 2022 को बेपोर बंदरगाह पर पोर्ट कॉल की। जहाज को आगंतुकों के लिए खोला गया और इसने अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया। एन.सी.सी. कैडेटों, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों सहित लगभग 3000 आगंतुकों ने जहाज का दौरा किया। आगंतुकों को जहाज का एक निर्देशित दौरा कराया गया और उन्हें युद्धपोत पर आयुध और जीवन जीने के बारे में जानकारी दी गई। बाद में शाम को, ए.एल.एच. विमान ने बेपोर समुद्र तट से खोज और बचाव का प्रदर्शन किया, जबकि भा.नौ.पो. शारदा, एक अपतटीय गश्ती पोत, ने बेपोर पर लंगरगाह में रोशनी की।

उत्सव में नौसैनिक उपकरणों और आयुध जैसे टॉरपीडो, सोनोबॉयस, डाइविंग उपकरण और जहाजों तथा विमान वाहक के मॉडल वाले नौसेना प्रदर्शनी स्टॉल भी प्रदर्शित किए गए। इसके अतिरिक्त, स्टालों में नौसैनिक क्षमताओं को प्रदर्शित करने वाले प्रेरक वीडियो और भारतीय नौसेना में रोजगार विकल्पों की जानकारी भी प्रदर्शित की गई।  केरल के पर्यटन मंत्री श्री. पी.ए. मोहम्मद रियाज ने स्टॉलों का दौरा किया। उत्सव के हिस्से के रूप में बचाव कवर प्रदान करने के लिए और जलीय खेल गतिविधियों में सहायता देने के लिए नौसेना डाइविंग टीम भी मौके पर तैनात थी। 

इससे पहले, नौसेना बैंड ने अंतर्राष्ट्रीय उत्सव के उद्घाटन के दिन मार्शल धुनों और देशभक्ति गीतों की श्रृंखला से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।