मदन राय, मास्टर चीफ एट आर्म्स II की बेटी सुश्री जिया राय ने 26 फरवरी, 2023 को बेलापुर से गेटवे ऑफ इंडिया तक 21 किलोमीटर की एकल तैराकी 4 घंटे और 4 मिनट में पूर्ण करके उपलब्धि प्राप्त की। यह कार्यक्रम भारत सरकार की "पुनीत सागर अभियान" पहल को समर्पित था और इसे महाराष्ट्र तैराकी संघ (भारत के तैराकी महासंघ द्वारा मान्यता प्राप्त) के तत्वावधान में आयोजित किया गया था। भारतीय नौसेना (पश्चिमी नौसेना कमान) ने तैराकी मार्ग को बाधा रहित बनाकर सहायता प्रदान की और राष्ट्रीय कैडेट कोर ने सुश्री जिया राय के सपने को पूरा करने के लिए सलाह देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 26 फरवरी 2023 को बेलापुर घाट पर 05: 07 बजे तैराकी शुरू हुई और समापन गेटवे ऑफ इंडिया में 09:11 बजे हुआ। किसी भी तैराक के लिए अंधेरे में तैरना बहुत कठिन है, लेकिन जिया का दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत सभी बाधाओं को पार कर गई। उन्हें 28 फरवरी 2023 को मुंबई के एन.सी.सी. निदेशालय में मेजर जनरल वाई.पी. खंडूरी, ए.डी.जी. एन.सी.सी. द्वारा सम्मानित किया गया था। सुश्री जिया राय 14 वर्षीय ऑटिज्म स्पेक्ट्रम विकार से पीड़ित हैं। दिसंबर 2022 के अंत में, उन्होंने 1,100 किलोमीटर दूरी वाली दुनिया की सबसे लंबी ओपन वाटर समुद्री तैराकी रिले में भाग लिया। वह टीम की सबसे छोटी और एकमात्र महिला प्रतिभागी थीं। उन्हें प्रतिष्ठित प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2022, श्राइवर-कैनेडी स्टूडेंट अचीवमेंट अवार्ड 2023 (यू.एस.ए.), रोल मॉडल के रूप में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए राज्य पुरस्कार -21 (उत्तर प्रदेश) और महाराष्ट्र का स्त्री सम्मान पुरस्कार -21 सहित कई अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिले हैं।