Skip to main content

कर्टेन रेजर भा.नौ.पो. द्रोणाचार्य को प्रेसिडेंट कलर पुरस्कार

भारतीय नौसेना के गनरी स्कूल भा.नौ.पो. द्रोणाचार्य को 16 मार्च 2023 को भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू द्वारा प्रतिष्ठित प्रेसिडेंट कलर से सम्मानित किया जा रहा है। प्रेसिडेंट कलर या निशान सर्वोच्च सम्मान माना जाता है जिसे सर्वोच्च कमांडर, भारत के राष्ट्रपति, राष्ट्र की असाधारण सेवा के लिए एक इकाई को प्रदान करते हैं।

भा.नौ.पो. द्रोणाचार्य को नौसेना, तटरक्षक और मित्रवत विदेशी समुद्री बलों के अधिकारियों और नाविकों को गनरी और मिसाइल युद्ध के सभी पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया जाता है। भा.नौ.पो. द्रोणाचार्य का मुख्य ध्येय अधिकारियों और नाविकों को लक्ष्य पर प्रभावी ढंग से आयुध पहुंचाने का प्रशिक्षण है। यह समुद्री योद्धाओं को बनाता है और उन्हें हमारे शक्तिशाली युद्धपोतों के संचालन के लिए पेशेवर कौशल और अदम्य भावना से लैस करता है। यह इकाई सागर प्रहरी बल के प्रशिक्षण और विभिन्न हिंद महासागर क्षेत्र (आई.ओ.आर.) देशों के लिए कांस्टेबुलरी संचालन में नौसेना के प्रशिक्षण केंद्र के लिए नोडल केंद्र भी है। यह इकाई नौसेना और तटरक्षक बल में ड्रिल और आयोजनों के लिए प्रशिक्षण प्राधिकरण भी है। भा.नौ.पो. द्रोणाचार्य को 2004 में गनरी और मिसाइल वारफेयर में उत्कृष्टता केंद्र के रूप में नामित किया गया था। यह इकाई इंडियन आर्मी स्कूल ऑफ आर्टिलरी से संयुक्तता की भावना से संबद्ध है। संस्थान के पूर्व छात्रों ने साहस, अटूट प्रतिबद्धता और त्रुटिहीन दक्षता के अनुकरणीय कार्यों के माध्यम से युद्ध और शांति में स्वयं को प्रतिष्ठित किया है। पूर्व छात्रों में एक महावीर चक्र, कीर्ति चक्र और युद्ध सेवा पदक, पांच वीर चक्र और सात शौर्य चक्र पुरस्कार विजेता शामिल हैं।

गनरी स्कूल समय के साथ-साथ विकसित होकर अंतर्राष्ट्रीय ख्याति का एक संस्थान बन गया है जो गनरी और मिसाइल युद्ध के सभी पहलुओं पर प्रशिक्षण प्रदान करता है। गनरी स्कूल को राष्ट्र की शानदार सेवा की मान्यता में, भा.नौ.पो. द्रोणाचार्य को 16 मार्च 2023 को प्रेसिडेंट कलर प्रदान किया जा रहा है। कलर्स की प्रस्तुति के लिए औपचारिक परेड 1620 बजे आयोजित की जाएगी और इसकी भारत के माननीय राष्ट्रपति द्वारा समीक्षा की जाएगी। इस अवसर पर माननीय केरल के राज्यपाल, केरल के मुख्यमंत्री, नौसेना प्रमुख, फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ दक्षिणी नौसेना कमान और अन्य वरिष्ठ सेवा और नागरिक गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहेंगे। परेड की लाइव स्ट्रीमिंग डी.डी. नेशनल और भारतीय नौसेना यूट्यूब चैनल पर 1550 बजे से शुरू होगी।