त्रिसेवा दल के हिस्से के रूप में भारतीय नौसेना मार्चिंग दस्ता, पेरिस में 14 जुलाई 2023 में बास्टिल दिवस परेड में भाग लेने के लिए फ्रांस पहुंचा। नौसेना की परेड टीम में चार अधिकारी और 64 नाविक शामिल होंगे। इस दल का नेतृत्व कमांडर व्रत बघेल करेंगे। अधिकारी गनरी और मिसाइल वारफेयर में विशेषज्ञ हैं और वरुण अभ्यास के दौरान फ्रांसीसी जहाज बी.सी.आर. वार पर सवार हुए हैं। उनके बाद उनके सहायक लेफ्टिनेंट कमांडर दिशा अमृत (जिन्होंने आर.डी. परेड 2023 में भारतीय नौसेना दल का नेतृत्व किया), लेफ्टिनेंट कमांडर रजत त्रिपाठी और लेफ्टिनेंट कमांडर जितिन ललित धर्मराज होंगे। कार्यक्रम के उत्सव को मनाने के लिए, भारतीय नौसेना का प्रतिनिधित्व भा.नौ.पो. चेन्नई द्वारा भी किया जाएगा, जो स्वदेशी रूप से निर्मित अग्रणी विध्वंसक है, जिसे 12-16 जुलाई 2023 तक फ्रांस में तैनात किया जाएगा। जहाज का चालक दल ब्रेस्ट, फ्रांस में बास्टिल दिवस समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा। यह वर्ष भारत-फ्रांस सामरिक साझेदारी की एक चौथाई सदी का वर्ष है। दोनों देशों के समुद्री क्षेत्र में गहरे संबंध हैं जो उनकी नौसेनाओं तक भी फैले हुए हैं। मेसर्स मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड द्वारा फ्रांस के मैसर्स नेवल ग्रुप के सहयोग से परियोजना 75 स्कॉर्पीन श्रेणी की पनडुब्बियों के स्वदेशी निर्माण ने न केवल नौसेना की क्षमता को बढ़ाया है, बल्कि भविष्य के कार्यक्रमों का मार्ग भी प्रशस्त किया है। दोनों नौसेनाओं के बीच द्विपक्षीय अभ्यास (वरुण) एक मिश्रित अभ्यास में बदल गया है जिसमें नौसेना शक्ति के सभी क्षेत्र शामिल हैं। यह भारत-फ्रांस रणनीतिक द्विपक्षीय संबंधों के विकास को दर्शाता है। यह अभ्यास 1993 में शुरू किया गया था और 2001 में इसे वरुण नाम दिया गया। वरुण का 21वां संस्करण जनवरी 2023 में अरब सागर में आयोजित किया गया था।