रियर एडमिरल विनीत मैकार्टी एफ.ओ.सी.डब्ल्यू.एफ. की कमान में भा.नौ.पो. विशाखापट्टनम और भा.नौ.पो. त्रिकंड यू.ए.ई. नौसेना के साथ द्विपक्षीय नौसेना समुद्री भागीदारी अभ्यास में भाग लेने के लिए 8 अगस्त 2023 को पोर्ट राशिद, दुबई पहुंचे। दो दिनों की विस्तृत योजना के बाद दोनों नौसेनाओं ने 12 अगस्त 2023 को द्विपक्षीय समुद्री भागीदारी अभ्यास का संचालन किया, जिसका उद्देश्य मजबूत पेशेवर बंधन विकसित करते हुए रणनीति, तकनीक और प्रक्रियाओं पर क्रॉस प्रशिक्षण द्वारा दोनों नौसेनाओं के बीच अंतर-क्षमता और तालमेल को बढ़ाना था। अपनी यात्रा के दौरान, रियर एडमिरल मैककार्टी ने अबू धाबी नौसेना कमान में यू.ए.ई. नौसेना बलों के उप कमांडर ब्रिगेडियर अब्दुल्ला फर्ज अल महैरबी से मुलाकात की। उन्होंने समुद्री डकैती, तस्करी, मानव तस्करी की आम चुनौतियों से संयुक्त रूप से निपटने, समुद्री सुरक्षा बढ़ाने और संयुक्त एच.ए.डी.आर. संचालन करने के लिए दोनो नौसेनाओं के बीच बातचीत बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। एडमिरल ने यू.ए.ई. में भारत के राजदूत महामहिम श्री. संजय सुधीर से भी मुलाकात की और उन्हें अभ्यास के दायरे और संचालन तथा भारत और यू.ए.ई. के बीच नौसेना से नौसेना सहयोग के रोडमैप पर नवीनतम जानकारी प्रदान की। राजदूत ने इस बात पर प्रकाश डाला कि नौसेना अभ्यास के लिए इन दोनों जहाजों की उपस्थिति यू.ए.ई. के साथ हमारे बढ़ते रक्षा संबंधों का एक संकेत है जो हमारे देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी द्वारा निर्देशित है।