77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कर्तव्य निभाने के दौरान देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी नौसेना कर्मियों के सम्मान में दक्षिणी नौसेना कमान वॉर मेमोरियल में वाइस एडमिरल एम.ए. हम्पिहोली फ्लैग ऑफिसर, कमांडिंग इन चीफ दक्षिणी नौसेना कमान द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की गई। फ्लैग ऑफिसर कमांडर इन चीफ फ्लीट ने कमांडर नाथन विग्नेश्वर की कमान वाली औपचारिक परेड की समीक्षा की। इस अवसर पर, दक्षिणी नौसेना कमान को प्रदान किए गए प्रेसिडेंट्स कलर की भी परेड की गई। परेड को संबोधित करते हुए वाइस एडमिरल एम.ए. हम्पिहोली ने 77 वें स्वतंत्रता दिवस पर सभी कर्मियों और उनके परिवारों को अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता के बाद अभूतपूर्व चुनौतियों से पार पाने वाले एक मजबूत और लचीले भारत की विकास गाथा पर प्रकाश डाला, जिसने विश्व के राष्ट्रों का सम्मान अर्जित किया है। उन्होंने सभी को राष्ट्र की संप्रभुता की रक्षा में सशस्त्र बलों की महत्वपूर्ण भूमिका की याद दिलाई। उन्होंने सभी कर्मियों को युद्ध के लिए तत्पर, विश्वसनीय, एकजुट और भविष्य प्रूफ बल बनने के लिए अपने कौशल और ज्ञान को लगातार सुधारने के लिए प्रेरित किया। फ्लैग ऑफिसर कमांडर इन चीफ फ्लीट ने दक्षिणी नौसेना कमान के कर्मियों को बधाई दी जिन्हें इस अवसर पर प्रशंसा प्राप्त हुई। इस अवसर पर नौसेना के सभी जहाजों को विभिन्न संकेतिक झंडो के साथ सजाया गया था।