Skip to main content

यू.ए.ई. नौसेना एस.एम.ई. प्रतिनिधिमंडल का भारतीय नौसेना प्रतिष्ठान दौरा - 27 अगस्त से 1 सितंबर 23

यू.ए.ई. नौसेना का तीन सदस्यीय विषय विशेषज्ञ प्रतिनिधिमंडल कर्नल डॉ. अली सैफ अली मेहराजी के नेतृत्व में कोच्चि, गोवा और नई दिल्ली में भारतीय नौसेना की विशिष्ट मौसम विज्ञान, समुद्र विज्ञान और मौसम मॉडलिंग इकाइयों की चार दिवसीय यात्रा के लिए 27 अगस्त 2023 को भारत पहुंचा। यह यात्रा मौसम विज्ञान, समुद्र विज्ञान और मौसम/ महासागर प्रतिरूपण के क्षेत्र में पेशेवर ज्ञान, विशेषज्ञता, प्रशिक्षण और सहयोग का आदान-प्रदान करने के लक्ष्य के साथ दो नौसेनाओं के बीच व्यावसायिक सहयोग में एक नए अध्याय की शुरुआत को दर्शाती है। भारतीय नौसेना ने वर्षों से मौसम विज्ञान और समुद्र विज्ञान के क्षेत्र में ज्ञान, विशेषज्ञता और कौशल अर्जित किया है। भारतीय नौसेना अपनी समर्पित इकाइयों के माध्यम से आई.ओ.आर. में कई देशों को फील्ड में प्रशिक्षण के साथ-साथ क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दैनिक मौसम पूर्वानुमान सेवाओं में भी सहायता कर रही है। संयुक्त अरब अमीरात के नौसेना प्रतिनिधिमंडल ने 28 अगस्त 2023 को कोच्चि का दौरा किया, जहां उन्होंने नौसेना ऑपरेशन डेटा प्रसंस्करण और विश्लेषण केंद्र एन.ओ.डी.पी.ए.सी. में पेशेवर बातचीत के लिए वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की, जो समुद्र विज्ञान, महासागर स्थिति पूर्वानुमान और महासागर प्रतिरूपण के पहलुओं के लिए एक समर्पित इकाई है। उन्होंने भारतीय नौसेना मौसम विज्ञान विश्लेषण केंद्र आई.एन.एम.ए.सी. का भी दौरा किया जो मौसम पूर्वानुमान और वायुमंडल प्रतिरूपण के पहलुओं पर गौर करता है। संयुक्त अरब अमीरात नौसेना प्रतिनिधिमंडल ने नौसेना समुद्र विज्ञान और मौसम विज्ञान के स्कूल एस.एन.ओ.एम. का भी दौरा किया, जो भारतीय नौसेना की मौसम विज्ञान, समुद्र विज्ञान और संख्यात्मक मौसम भविष्यवाणी प्रशिक्षण आवश्यकताओं को पूरा करता है। प्रतिनिधिमंडल भा.नौ.पो. हंसा, गोवा में एयर स्क्वाड्रन और मौसम कार्यालय का भी दौरा करेगा, जो नौसेना का प्रमुख वायु स्टेशन है और इसके बाद आई.एच.क्यू. एम.ओ.डी. (नौसेना) में कमोडोर (नौसेना समुद्र विज्ञान और मौसम विज्ञान) के साथ बैठक करेगा। इस सहयोग का उद्देश्य मौसम विज्ञान और समुद्र विज्ञान से संबंधित जटिल मुद्दों को हल करने के लिए पारस्परिक सीखने को बढ़ावा देना और सामूहिक क्षमता को मजबूत करना है। दोनों नौसेनाएं आगे सहयोग के लिए क्षेत्रों में काम करने के लिए अपनी विशेषज्ञता और अंतर्दृष्टि साझा करेंगी। संयुक्त अरब अमीरात की नौसेना और भारतीय नौसेना की विशेषज्ञता, उत्साह और प्रतिबद्धता निस्संदेह दोनों नौसेनाओं की सामरिक और वैज्ञानिक क्षमताओं को समृद्ध करेगी और आपसी हितों को पूरा करने के लिए पेशेवर आदान-प्रदान को आगे बढ़ाने में एक लंबा रास्ता तय करेगी।